शिक्षा नौकरी के लिए ही नहीं, बहुमुखी विकास के लिए आवश्यक: डॉ. अशोक गिरि

Listen to this article

हरिद्वार। श्रवण सेवा एवं शोध संस्थान तथा अंतरराष्ट्रीय हिंदी सेवा समूह के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर एक विशेष सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गत वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी राजकीय प्राथमिक विद्यालय (संख्या-43), खड़खड़ी में अध्ययनरत बच्चों को लेखन सामग्री का वितरण किया गया।

​कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता, संस्थान के संस्थापक एवं समूह के संचालक डॉ. अशोक गिरि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के संपूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से व्यक्ति का बहुमुखी विकास होता है। बच्चों को नैतिक मूल्यों का पाठ पढ़ाते हुए उन्होंने बड़ों का सम्मान करने और छोटों से स्नेह बनाए रखने की प्रेरणा दी। साथ ही, उन्होंने यह विश्वास भी दिलाया कि संस्थान भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

​इस अवसर पर समाजसेवी दीनदयाल दीक्षित, चाँद गिरि सहित विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।