कांवड़ पटरी पर पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित: श्रद्धालुओं से जाना हाल, अधिकारियों को दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

Listen to this article

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा पर आए शिवभक्तों से सीधा संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर वे तुरंत संबंधित अधिकारियों या हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना दें, जिससे समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।

​मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ पटरी मार्ग पर पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश और चिकित्सा जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से 24 घंटे तत्पर रहना होगा।

​इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी कांवड़ियों से यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा-करकट केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्थलों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।