पतंजलि योगपीठ में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस; स्वामी रामदेव ने नशे के खिलाफ जताई चिंता
हरिद्वार: पतंजलि योगपीठ में 80वां स्वतंत्रता दिवस भव्यता के साथ मनाया गया। स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मीडिया से बातचीत में स्वामी रामदेव ने कहा कि युवाओं का एक हिस्सा स्वतंत्रता के नाम पर नशे की गिरफ्त में जा रहा है, जो चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासनिक व नौकरी परीक्षाओं में धांधली पर व्यवस्था सुधार की नसीहत दी। वहीं, आचार्य बालकृष्ण ने स्वतंत्रता और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर देशवासियों से उपवास रखकर आत्मचिंतन करने का आह्वान किया।
रुड़की नगर निगम में मेयर अनीता अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण; स्वच्छता का लिया संकल्प
रुड़की: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीटीगंज (सुभाषगंज) में आयोजित समारोह में नगर की प्रथम महिला मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने नगरवासियों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित की गई।
गढ़वाल मंडलायुक्त ने हरिद्वार में एसआईआर प्रक्रिया और मतदान केंद्रों का लिया जायजा

हरिद्वार: आयुक्त गढ़वाल मण्डल आनंद स्वरूप ने हरिद्वार जनपद में चल रहे एसआईआर (SIR) कार्य के तीसरे चरण के तहत बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने पन्नालाल भल्ला म्युनिसिपल इंटर कॉलेज (बूथ सं. 55) और श्री मुनि मंडल संस्कृत महाविद्यालय, कनखल (बूथ सं. 96) पहुंचकर दावों व आपत्तियों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निष्पक्षता से हो और किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से न हटे।
एसएसपी नवनीत भुल्लर समेत 14 पुलिसकर्मियों को मिलेगा ‘मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक’

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में आईजी नीलेश आनंद भरणे, आईजी सुनील कुमार मीणा, हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा दिवंगत निरीक्षक मनोज मनराल और दिवंगत उपनिरीक्षक विनोद कुमार को मरणोपरांत विशिष्ट कार्य के लिए पदक प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी चयनित जवानों को बधाई दी है।
हरिद्वार पुलिस लाइन में ध्वजारोहण के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस संपन्न; उत्कृष्ट जवान सम्मानित

हरिद्वार: पुलिस लाइन रोशनाबाद में स्वतंत्रता दिवस पर एसपी अपराध निशा यादव ने ध्वजारोहण किया और पुलिस बल को शपथ दिलाई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित कर मेडल पहनाए गए। जनपद के सभी थानों व कार्यालयों में भी हर्षाेल्लास के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
हरिद्वार पुलिस लाइन में तीज महोत्सव की धूम; मोनिका बनीं ‘तीज क्वीन’
हरिद्वार: पुलिस लाइन हरिद्वार में तीज पर्व पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कमर्शियल टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर श्रीमती दीपशिखा भुल्लर मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम में लगभग 250 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के तहत मेहंदी स्पर्धा में रेशमा प्रथम और तीज क्वीन प्रतियोगिता में मोनिका ने पहला स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पुरस्कृत कर सभी को तीज की बधाई दी।













