श्री सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा पंजाब का शताब्दी महोत्सव 23दिसम्बर से

Listen to this article

25 दिसंबर तक सप्तऋषि आश्रम में आयोजित महोत्सव में राज्यपाल व जूना पीठाधीश्वर होंगे शामिल

हरिद्वार । श्री सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा पंजाब नई दिल्ली के राष्ट्रीय प्रधान डॉक्टर देशबंधु ने बताया कि भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय जी के जयंती के अवसर पर सप्तऋषि आश्रम हरिद्वार में तीन दिवसीय सनातन धर्म शताब्दी महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सभा अपना शताब्दी वर्ष का मुख्य उत्सव 23 से 25 दिसंबर तक तीर्थनगरी के सप्तऋषि आश्रम भूपतवाला में मना रही है। शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए डॉ देशबंधु ने बताया कि कार्यक्रम में जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी एवं उत्तराखंड के राज्यपाल महामहिम लेफ्टिनेंट जनरल से.नि.गुरमीत सिंह विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे शिक्षाविद छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि 23 तारीख को जूना पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर आचार्य प्रवर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज अपने दिव्य अमृतमय प्रवचन से समस्त सनातन परिवार को अभिसिक्त करेंगे। इस अवसर पर स्वामी जी महाराज अपने कर कमलों से महामना मालवीय जी पर डॉ,विजय शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ’’महामना मालवीय जी का सांस्कृतिक दर्शन’’तथा’’त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त स्मृति ग्रंथ’’के द्वितीय संस्करण का लोकार्पण भी करेंगे। द एस.डी. विद्या स्कूल अंबाला छावनी के छात्रों द्वारा कृष्ण लीला पर आधारित एक मनमोहक कोरियोग्राफी भी प्रस्तुत की जाएगी। 11ः00 बजे 1 मिनट गीता के नाम शीर्षक से गीता प्रचार के विश्व व्यापी अभियान के अधीन गीता के तीन महत्वपूर्ण श्लोकों का सामूहिक पाठ किया जाएगा। संध्या के समय भारतीय लोक नृत्य समागम के कार्यक्रम में विविध प्रदेशों से आए हुए छात्र कलाकारों द्वारा अपने- अपने प्रदेशों के लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर को छात्र शिक्षक सम्मान समारोह में उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्ति) गुरुमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगे। महामहिम राज्यपाल इस अवसर पर सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा की शताब्दी स्मारिका का विमोचन भी करेंगे। इसके साथ ही सनातन धर्म कॉलेज के दो श्रेष्ठ प्राचार्यों,तीन कॉलेज शिक्षकों,सनातन धर्म स्कूलों के दो श्रेष्ठ प्रधानाध्यापकों तथा दो सनातन धर्म स्कूल-शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। सायंकालीन सत्र में विविध प्रदेशों से आए हुए छात्रों की व्यक्तिगत प्रस्तुतियों के लिए खुला मंच का आयोजन होगा। डॉक्टर देश बंधु ने बताया कि 25दिसंबर को भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय जी का जयंती समारोह मनाया जाएगा। प्रातः9ः00बजे से देव पूजन एवं यज्ञ-अनुष्ठान का कार्यक्रम है। 11ः00बजे सप्तऋषि आश्रम हरिद्वार में स्थित महामना मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। तीन दिवसीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से लोग सप्त ऋषि आश्रम पहुंच रहे हैं। प्रेस वार्ता में सभा के कार्यकारी प्रधान आई.एम.गोस्वामी,प्रचार मंत्री नंद किशोर शर्मा,डी.आर.मदान,कार्यक्रम संयोजिका डा.भारती बन्धु,अध्यक्ष महावीर दल महंत बिहारी स्वरूप मौजूद थे ।
श्री सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा (पंजाब) नई दिल्ली  का गरिमामय इतिहास
भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय जी द्वारा अविभाजित भारत के लाहौर शहर में सन् 1923 में श्री सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा (पंजाब) की स्थापना की गई थी। उत्तर पश्चिम भारत के समस्त प्रदेशों एवं नगरों की समस्त स्थानीय सनातन धर्म सभाओं को संगठनात्मक स्तर पर एक सूत्र में पिरोने के लिए एक केंद्रीय शक्ति के रूप में महामना मालवीय जी ने सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा(पंजाब) की स्थापना की थी, जिसका संचालन उनके एकमात्र मंत्र दीक्षित शिष्य त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दास जी महाराज 1959 तक करते रहे हैं। वर्तमान में प्रतिनिधि सभा के अंतर्गत पंजाब, हरियाणा, हिमाचल,जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली व चंडीगढ़ आदि सात राज्यों एवं दो केंद्र शासित प्रदेशों की 150 से अधिक सनातन धर्म सभाएं एवं 100 से अधिक शिक्षा संस्थान सम्मिलित हैं। शिक्षा संस्थानों के स्वतंत्र रूप में संचालन का कार्य प्रतिनिधि सभा की सहयोगी संस्था सनातन धर्म शिक्षा समिति चंडीगढ़ कर रही है। अनेक धार्मिक स्थलों, शक्तिपीठों, कुंभ, कपाल मोचन तथा सूर्य ग्रहण मेलों और तीर्थों पर आयोजित धार्मिक समारोहों के प्रबंधन का कार्य श्री सनातन धर्म महावीर दल करता है।