कार्यक्रम में सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूष, राजनेता, वरिष्ठ अधिकारी व देश विदेश से श्रद्धालु भक्त होंगे सम्मिलित
50 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था
भजन संध्या के पश्चात 5100 दीयों का दीपदान किया जाएगा
निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज का 47वां अवतरण दिवस और तृतीय सन्यास दीक्षा समारोह एक जनवरी को श्री दक्षिण काली मंदिर प्रांगण में भव्य रूप से मनाये जाने की जोरदार तैयारियाँ जारी है ।
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने बताया कि उनके पूज्य गुरूदेव शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूष, राजनेता, वरिष्ठ अधिकारी व देश विदेश से श्रद्धालु भक्त सम्मिलित होंगे।
वयोवृद्ध संत राधे बाबा के सानिध्य में महादेव और मां काली का अभिषेक और पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात संत महापुरूषों द्वारा आशीर्वचन एवं विशिष्टजनों का आध्यात्मिक उद्बोधन होगा। दोपहर में माई बाबा का सामूहिक भोजन प्रसाद होगा। जिसमें 50 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गयी है। शाम को श्री दक्षिण काली घाट पर भजन संध्या के पश्चात 5100 दीयों का दीपदान किया जाएगा। इस दौरान स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के शिष्य स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने सभी श्रद्धालु भक्तों से कार्यक्रमों में भाग लेने और प्रसाद ग्रहण करने का आह्वान किया है।












