खिलौनों वाले नकली नोटों पर विवाद, केंद्र और राज्य सरकार को भेजा गया कानूनी नोटिस

Listen to this article

हरिद्वार:  बच्चों के खिलौनों और चूर्ण के पैकेटों में मिलने वाले मनोरंजन बैंक लिखे नकली नोटों को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। इन नोटों पर महात्मा गांधी की तस्वीर छपी होने पर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए, हरिद्वार के अधिवक्ता कमल भदौरिया, चेतन भदौरिया और राव मुजीब खान ने एडवोकेट अरुण भदौरिया के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कानूनी नोटिस भेजा है।

​नोटिस में कहा गया है कि इन नकली नोटों पर महात्मा गांधी की तस्वीर का इस्तेमाल उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाता है और देशवासियों की भावनाओं को आहत करता है। नोटिस में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 489E का हवाला देते हुए बताया गया है कि असली मुद्रा जैसी छवि छापना एक अपराध है।

​नोटिस में केंद्र और उत्तराखंड सरकार से 30 दिनों के भीतर इन नोटों के उत्पादन पर प्रतिबंध लगाने, संबंधित फैक्ट्रियों को सील करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। इसमें यह भी कहा गया है कि ये नकली नोट असली नोटों से इतने मिलते-जुलते हैं कि बच्चे असली और नकली में फर्क नहीं कर पाते, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है।