हरिद्वार: शिक्षक दिवस के अवसर पर, शुक्रवार को प्रेस क्लब हरिद्वार के सभागार में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में, जहाँ ज्ञान आसानी से उपलब्ध है, वहीं शिक्षकों का महत्व और भी बढ़ गया है। वे ज्ञान के साथ-साथ संस्कार और मानवीय मूल्यों को भी छात्रों तक पहुँचाते हैं।
शिक्षक दीपक मिश्रा ने बताया कि भारत में हर साल 5 सितंबर को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत उत्सव के बजाय शिक्षकों के सम्मान के लिए समर्पित करने का सुझाव दिया था।
इस अवसर पर, वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी ने कहा कि हमें हर जगह सीखने की कोशिश करनी चाहिए, क्योंकि ज्ञान किसी भी व्यक्ति से मिल सकता है। वरिष्ठ पत्रकार रजनीकांत शुक्ला ने शिक्षकों को देश के भविष्य का निर्माता बताते हुए कहा कि वे छात्रों को सही और गलत के बीच का फर्क सिखाते हैं।
इस समारोह में, कई सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनमें डॉ. रजनीकांत शुक्ला, डॉ. शिवा अग्रवाल, डॉ. रूपेश शर्मा, डॉ. योगेश योगी, डॉ. परविंदर कुमार, सुभाष कपिल, दीपक मिश्रा, दीपक नौटियाल, बालकृष्ण शास्त्री, संजीव शर्मा, और सुदेश आर्या शामिल थे।
इस कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष गुलशन नैय्यर ,अमित शर्मा, श्रवण कुमार झा, वरिष्ठ पत्रकार आशीष मिश्रा, मनोज खन्ना, एनस नवाज, संजीव शर्मा, शिवा अग्रवाल, जहांगीर मलिक, आशीष श्रीमान, और सचिन सैनी समेत कई पत्रकारों ने हिस्सा लिया।














