वन विभाग ने जब्त किए 86 संरक्षित सांप

Listen to this article

हरिद्वार वन विभाग ने रुड़की तहसील के खंजरपुर गांव में एक अवैध सर्प विष संग्रहण केंद्र पर छापा मारकर 86 संरक्षित प्रजाति के सांप जब्त किए हैं। 9 सितंबर 2025 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। मौके पर 70 कोबरा और 16 रसल वाइपर पाए गए। ये सभी भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 के तहत संरक्षित प्रजातियां हैं।

छापेमारी के दौरान केंद्र के मालिक नितिन कुमार के प्रतिनिधि विष्णु मौजूद थे। जांच में पता चला कि केंद्र की स्थापना के लिए दी गई अनुमति दिसंबर 2023 में ही समाप्त हो चुकी थी, और वर्तमान में उनके पास कोई वैध अनुमति नहीं थी। वन विभाग ने सभी सांपों को जब्त कर लिया है और भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में हरिद्वार और राजाजी टाइगर रिजर्व के वन अधिकारी और पीपुल फॉर एनिमल्स संस्था के प्रतिनिधि शामिल थे।