हरिद्वार: हरिद्वार के शेरपुर खेलमऊ गाँव में एक युवक को अपने पड़ोसी के घर में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना खेत की मेड़ (डोल) को लेकर चल रही पुरानी दुश्मनी का नतीजा है।
पुलिस को 8 सितंबर की देर रात 112 के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुँचने पर पता चला कि घर के तीन अलग-अलग कमरों में आग लगी हुई थी। अग्निशमन सेवा और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने FSL टीम को बुलाकर जाँच की, जिसमें माचिस, प्लास्टिक की चप्पलें और सूखी गन्ने की पत्तियाँ मिलीं, जिससे यह जानबूझकर लगाई गई आग लग रही थी। पूछताछ के दौरान, आरोपी रजनीश (24) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पिछले 2-3 साल से पड़ोसी आकाशदीप से उसकी रंजिश चल रही थी। बदला लेने के लिए उसने घर के अंदर सूखी पत्तियाँ डालकर आग लगा दी। हालाँकि, आग फैलने पर वह घबराकर भाग गया, और इस दौरान उसकी चप्पल वहीं छूट गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कानूनी कार्रवाई की है।













