हरिद्वार: राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) हरिद्वार के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त की अध्यक्षता में ‘न्याय प्रेरणा’, ‘शिक्षक गुरु शक्ति’, तथा ‘न्याय शक्ति ज्ञान से न्याय की ओर’ अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्राधिकरण के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त रहे, जिन्होंने स्कूल, कॉलेज, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय व अन्य विभागों से आए समस्त गणमान्य व्यक्तियों और शिक्षक गण को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्री दत्त ने शिक्षकों के महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा, “गुरु के बिना इस जीवन में ज्ञान प्राप्त करना एक कठिन कार्य है।” उन्होंने आगे कहा कि बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए शिक्षा और न्याय दोनों ही महत्वपूर्ण अधिकार हैं, जिन्हें शिक्षक ही छात्रों तक पहुँचा सकते हैं।
कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर ने प्राधिकरण की ओर से विद्यालयों में स्थापित बाल न्याय क्लब और महाविद्यालयों में स्थापित व कार्यरत लीगल एड क्लिनिक के विषय में विस्तृत जानकारी दी और उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डिप्टी एल ए डी सी रमन कुमार सैनी ने किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, एस एम जे एन पी जी कॉलेज हरिद्वार के प्राचार्य डॉक्टर सुनील कुमार बत्रा, बी एस एम कॉलेज रुड़की की डॉ अर्चना शर्मा, लॉ कॉलेज धनौरी की अंशु त्यागी, अधिवक्ता अरविंद श्रीवास्तव एवं संजय गर्ग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।














