वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पटवारी भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। हरिद्वार में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि युवाओं को एसआईटी जांच पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भर्ती कराती है और परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही पेपर लीक हो जाता है।
रावत ने बेरोजगार युवाओं के धरने का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक युवाओं की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के प्रति बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि अधिकांश मामलों में आरोप भाजपा नेताओं पर लगे हैं।
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने विदेश नीति और अर्थ नीति को विफल बताया और कहा कि जीएसटी के नाम पर लूट का हिसाब देने के बजाय भाजपा ‘जीएसटी बचत उत्सव’ मना रही है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को जनता ने बचाया हुआ है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष लता जोशी और अन्य नेताओं ने भी पेपर लीक में सरकार की मिलीभगत का आरोप लगाया और कहा कि 2027 में युवा भाजपा को सबक सिखाएंगे।
युवा नेता रवीश भटीजा ने कहा कि वीरेंद्र रावत लगातार युवाओं के मुद्दों को उठा रहे हैं। वीरेंद्र रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता हरस्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं। प्रैसवार्ता में पूर्व विधायक रामयश सिंह, अशोक शर्मा, महेश प्रताप राणा, रविश भटीजा, दिनेश कुमार, अंजू मिश्रा, पूनम भगत, तीर्थपाल रवि, बीएस तेजियान, प्रवीण मिश्रा, शशी झा, अंजू द्विवेदी, उदयवीर चौहान, मनोज जाटव, समर्थ अग्रवाल, विक्रम शाह, प्रहलाद चौहान, आशीष श्रीवास्तव, मंजू गोस्वामी, आकाश बिरला, गौरव चौहान, सोहेल अख्तर, पुनीत कुमार, अरूण चौहान, मार्कण्डेय सिंह, हिमांशु गुप्ता सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।














