UKSSSC पेपर लीक: मुख्य आरोपी खालिद मलिक के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन से हटाया गया कब्जा

Listen to this article

हरिद्वार, उत्तराखं: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी खालिद मलिक की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गिरफ्तारी के बाद आज (25 सितंबर को) उसके और उसके परिवार के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है।

​लक्सर के सुल्तानपुर गांव में, जो खालिद मलिक का पैतृक गांव है, प्रशासन और पुलिस का भारी अमला पहुंचा। लक्सर एसडीएम सौरभ असवाल और एसपी देहात शेखर सुयाल की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

​एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सुल्तानपुर अली चौक और अन्य स्थानों पर अवैध निर्माण हटाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम मुख्य रूप से खालिद के चाचा मुन्ना हसन द्वारा पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई दुकान के अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंची थी, जिसे बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

​प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, भले ही वह आरोपी का परिवार ही क्यों न हो। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात रही।

​बता दें कि पेपर लीक मामले में कड़ी कार्रवाई के बीच, इससे पहले खालिद मलिक के पिता के खिलाफ भी बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। यह कार्रवाई पेपर लीक के आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड सरकार के सख्त रुख को दर्शाती है।