हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में 25 सितंबर की देर शाम हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे हुई थी। ग्राम कटारपुर निवासी अनुज ने अपने गांव के ही अर्जुन पुत्र सुरेंद्र को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी, जिससे अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया था। गंभीर हालत के चलते घायल अर्जुन को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था।
घायल अर्जुन की पत्नी की तहरीर पर थाना पथरी पुलिस ने पोपिन्द्र समेत 07 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
कार्रवाई करते हुए, थाना पथरी पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश दी और फायरिंग प्रकरण के मुख्य आरोपी अनुज को भट्टा तिराहे, पथरी के पास से धर दबोचा। आरोपी अनुज की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया देशी तमंचा बरामद किया गया और अभियोग में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुज और घायल अर्जुन के बीच एक पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद में अनुज ने अर्जुन को जान से मारने की नीयत से फायर किया था।
पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान अनुज पुत्र पोपिन्द्र, निवासी ग्राम कटारपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।













