संत शिरोमणि गुरु रविदास सेवा समिति ने किया धामी सरकार का समर्थन: ‘पेपर लीक नहीं, नकल का मामला’

Listen to this article

हरिद्वार, 29 सितंबर। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पटवारी भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर संत शिरोमणि गुरु रविदास सेवा समिति ने धामी सरकार के समर्थन में आवाज़ उठाई है।

​प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान समिति के अध्यक्ष कमल और महामंत्री योगेश कुमार ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व और विपक्षी दल इस मामले को लेकर राज्य में बेवजह माहौल खराब कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि यह पेपर लीक का नहीं, बल्कि एक व्यक्ति विशेष द्वारा परीक्षा में नकल का मामला है।

​समिति ने तर्क दिया कि अगर पेपर लीक होता, तो वह परीक्षा शुरू होने से पहले ही हो जाता, जबकि इस मामले में परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे बाद पेपर के मात्र तीन पन्ने लीक हुए, जिसे उन्होंने एक सोची-समझी साजिश बताया।

​कमल और योगेश कुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुए कहा कि वे नकल माफिया पर सख्ती से शिकंजा कस रहे हैं और सरकार पूरे मामले की एसआईटी जांच करा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा भवन में जैमर लगे थे और सुरक्षा के पूरे इंतजाम थे। जिन लोगों ने लापरवाही बरती है, उनके खिलाफ भी सरकार कड़ी कार्रवाई कर रही है।

​समिति ने अपील की है कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग न दिया जाए और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से भी आंदोलन का रास्ता छोड़कर सरकार पर विश्वास रखने की अपील की, क्योंकि कुछ ऐसे परीक्षार्थी भी हो सकते हैं जिनकी यह अंतिम परीक्षा रही होगी। उन्होंने राज्य हित में आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया।