उत्तराखंड विकास यात्रा की शानदार झलक: राज्य स्तरीय समारोह में सूचना विभाग की झांकी अव्वल

Listen to this article


देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में सूचना विभाग की झांकी ने अपनी सफलता का परचम लहराते हुए लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस वर्ष विभाग द्वारा “रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन” विषय पर आधारित झांकी प्रस्तुत की गई थी, जिसे निर्णायक मंडल ने उसकी विषय-वस्तु और रचनात्मकता के लिए सर्वश्रेष्ठ चुना।
इस झांकी में उत्तराखंड राज्य की पिछले 25 वर्षों की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत का शानदार समावेश देखने को मिला। झांकी के अग्रभाग में माँ गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल, मुखवा स्थित गंगा मंदिर को दर्शाया गया था, जबकि केबिन के हिस्से में राज्य गठन के 25 गौरवशाली वर्षों के प्रतीक दिखाए गए। झांकी के मध्य भाग में उत्तराखंड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रस्तुत करते हुए जड़ी-बूटियों और प्राचीन चिकित्सा पद्धति को रेखांकित किया गया।
स्थानीय आर्थिकी को मजबूती देने वाली होम स्टे योजना और माँ यमुना के शीतकालीन धाम खरसाली स्थित यमुना मंदिर को भी झांकी में प्रमुखता से जगह मिली। झांकी के अंतिम हिस्से में उठते हुए स्तंभों के जरिए राज्य की निरंतर प्रगति को प्रदर्शित किया गया, वहीं पार्श्व भाग में सुशासन के प्रतीक के रूप में राज्य के नए कानूनों का उल्लेख किया गया। पारंपरिक ऐंपण कला से सजी इस झांकी ने अपनी संदेशपरक प्रस्तुति से दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया।