कोटद्वार: पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कोटद्वार के निवासी यति परमानंद सरस्वती, जिन्हें दीपक बजरंगी के नाम से भी जाना जाता है, कथित तौर पर आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देते हुए दिखाई दिए। जैसे ही यह वीडियो सार्वजनिक हुआ, पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने देर रात आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध शांति व्यवस्था भंग करने से संबंधित विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और वर्तमान में आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया है कि संवेनदशील परिस्थितियों में किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना शहर के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ सकती है। इसी सतर्कता के चलते सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की गहन निगरानी की जा रही है और पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई कर रही है।
पौड़ी पुलिस ने आम जनता से यह विशेष अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट या असत्यापित जानकारी को साझा करने से बचें और समाज में शांति व आपसी भाईचारा बनाए रखने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी भी जारी की है कि जो कोई भी व्यक्ति माहौल को खराब करने या नफरत फैलाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ भविष्य में भी कठोरतम कानूनी कदम उठाए जाएंगे।












