संविधान ज्ञानार्जन प्रतियोगिता का आयोजन
हरिद्वार। भेल सेक्टर-1 स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में 1 से 5 अप्रैल तक ‘भारतीय संविधान ज्ञानार्जन प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। बीएचईएल अनुसूचित जाति एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। संरक्षक आर.एल. व्यास ने बताया कि इसका उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों और संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विजेताओं को 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर सम्मानित किया जाएगा।
जन सामान्य मंच ने यूजीसी नियमों को बताया ‘काला कानून’

हरिद्वार। जन सामान्य मंच की बैठक में यूजीसी के प्रस्तावित नियमों की कड़ी आलोचना की गई। मुख्य वक्ता जुगुल किशोर तिवारी ने इन्हें ‘काला कानून’ बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था कमजोर होगी। बैठक की अध्यक्षता डॉ. प्रेमचन्द शास्त्री ने की। वक्ताओं ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि नीतियों के नाम पर जनता में भ्रम फैलाया जा रहा है, जिसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
पूर्व केंद्रीय सशस्त्र बल कार्मिक संगठन की संगोष्ठी

हरिद्वार। सीआईएसएफ कैंप भेल परिसर में ‘पूर्व केंद्रीय सशस्त्र बल कार्मिक वेलफेयर एसोसिएशन’ की मासिक संगोष्ठी आयोजित हुई। अध्यक्ष एडवोकेट रूपचंद आजाद ने दिल्ली में हुए धरना-प्रदर्शन और राष्ट्रीय पदाधिकारियों से हुई चर्चा की जानकारी दी। बैठक में निर्णय लिया गया कि भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियों में सभी सदस्य बारी-बारी से प्रतिभाग करेंगे।
शिवालिकनगर में विकास कार्यों का लोकार्पण

हरिद्वार। नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने वार्ड संख्या 6 (टिहरी विस्थापित कॉलोनी) में नई सड़क, गलियों और नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और आवागमन सुगम बनेगा। पालिका प्रशासन पूरे क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का भव्य स्वागत

हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी और म्यूनिसिपल बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने प्रेस क्लब हरिद्वार की नई टीम का सम्मान किया। मायापुर स्थित यूनियन भवन में आयोजित समारोह में अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महासचिव सूर्यकांत बेलवाल और अन्य पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना की।
राज्य स्तरीय बॉक्सिंग: चंपावत और पिथौरागढ़ बने चैंपियन

हरिद्वार। उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा रोशनाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन हुआ। बालक वर्ग में चंपावत और बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम चैंपियन बनी। मुख्य अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्य ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित कर रही है और लोहाघाट में स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण जारी है।
हरिद्वार सुपर किंग ने जीती क्रिकेट चैंपियनशिप ।

हरिद्वार। प्रथम हरिद्वार कॉर्पोरेट क्रिकेट चैंपियनशिप के फाइनल में ‘हरिद्वार सुपर किंग’ ने ‘टीम केआरएस’ को हराकर खिताब अपने नाम किया। केआरएस ने 164 रन बनाए थे, जिसे सुपर किंग ने 17.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। विकास यादव को उनके शानदार 74 रनों के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इंद्रमोहन बड़थ्वाल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
फ्यूचर फाउंडेशन अकादमी का आठवां वार्षिकोत्सव

हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित बंधन पैलेस में फ्यूचर फाउंडेशन अकादमी का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। नन्हे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। एकेडमी के डायरेक्टर अबरार राव और प्रधानाचार्य रुखसार राव ने कहा कि बेहतर शिक्षा ही बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करती है और राष्ट्र निर्माण में सहयोग देती है।














