प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में जिला योजना की बैठक

Listen to this article

हरिद्वार के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में हुई जिला योजना समिति की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 6735.60 लाख रुपये का बजट अनुमोदित किया गया। इस बजट में सामान्य मद के लिए 5297.60 लाख, अनुसूचित जाति मद हेतु 1404.50 लाख और अनुसूचित जनजाति के लिए 33.50 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

​कुल बजट का 15 प्रतिशत से अधिक हिस्सा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाले क्षेत्रों जैसे कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन पर खर्च होगा। इस बार योजना में पहली बार प्राथमिक शिक्षा और झींगा पालन जैसी नवीन गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।

​बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाने और उनके फोन कॉल का अनिवार्य रूप से उत्तर देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि योजना में सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव शामिल हैं और आवश्यकतानुसार इनमें संशोधन संभव है। मुख्य विकास अधिकारी ने स्लाइड शो के माध्यम से बजट आवंटन का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायकगण और विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।