व्यावसायिक गैस की कीमतों में वृद्धि पर यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
हरिद्वार। केंद्र सरकार द्वारा व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में की गई भारी बढ़ोतरी के खिलाफ यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने बढ़े हुए दामों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी ने कहा कि पहले से ही गैस की किल्लत और महंगाई झेल रहे होटल, ढाबा संचालकों और छोटे दुकानदारों की कमर इस फैसले से टूट जाएगी। उन्होंने चिंता जताई कि इसका सीधा असर चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं पर पड़ेगा, क्योंकि खाना महंगा होने से आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ेगा। प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल और ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा ने भी सरकार पर गरीब और मध्यम वर्ग की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इस दौरान लक्ष्य चौहान, रविश भटीजा और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मजदूर दिवस: भेल श्रमिकों ने दी श्रद्धांजलि, मांगों को लेकर भरी हुंकार

हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भेल के विभिन्न श्रमिक संगठनों ने शहीद श्रमिकों को याद किया और फाउंड्री गेट पर धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को बुलंद किया।
हैवी इलेक्ट्रिकल्स वर्कर्स ट्रेड यूनियन (निफ्टू) के अध्यक्ष रामयश सिंह ने प्रबंधन से जल्द यूनियन चुनाव कराने और सेंट्रलाइज्ड इंसेंटिव स्कीम की राशि बढ़ाकर 8000 रुपये करने की मांग की। महामंत्री विकास सिंह ने कहा कि भेल का टर्नओवर 18 प्रतिशत बढ़ा है, इसलिए कर्मचारियों को पीपी भुगतान के लिए तत्काल जेसीएम की बैठक बुलाई जानी चाहिए। इसके अलावा, केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने, ओवरटाइम का भुगतान करने और कोरोना काल में जान गंवाने वाले कर्मियों के आश्रितों को आर्थिक लाभ देने जैसी मांगें भी उठाई गईं। प्रदर्शन में कुमुद श्रीवास्तव, सचिन और सुभाष पुरोहित सहित सैकड़ों श्रमिक शामिल हुए।
जय मां मिशन में 40वां मूर्ति स्थापना दिवस संपन्न, उमड़ा भक्तों का सैलाब

हरिद्वार। श्रवणनाथ नगर स्थित जय मां मिशन उषा माता मंदिर में मां काली मूर्ति स्थापना दिवस का 40वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मिशन की अध्यक्ष साध्वी शरण ज्योति ने मां काली को जगत की पालनहार बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में नारी शक्ति का स्थान सर्वोपरि है।
साध्वी शरण ज्योति ने ब्रह्मलीन चक्रवर्ती महामंडलेश्वर उषा माता महाराज और स्वामी महादेव महाराज के संकल्पों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में पहुंचे स्वामी रविदेव शास्त्री और स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि ने कहा कि यह मिशन देशभर में मातृशक्ति को आध्यात्मिक दिशा प्रदान कर रहा है। समारोह में साध्वी जीवन ज्योति, पूजा ज्योति और कई अन्य संत-महापुरुषों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
साध्वी अंजनी देवानंद गिरी बनीं निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर

हरिद्वार। शिव शक्ति धाम की परमाध्यक्ष साध्वी अंजनी देवानंद गिरी को श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी की महामंडलेश्वर पद पर प्रतिष्ठित किया गया है। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित पट्टाभिषेक समारोह में सभी 13 अखाड़ों के संतों ने उन्हें तिलक-चादर भेंट कर मंत्रोच्चार के बीच महामंडलेश्वर पद पर अभिषेक किया।
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने नवनियुक्त महामंडलेश्वर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंजनी अखाड़ा सदैव मातृशक्ति को उच्च स्थान देने में अग्रणी रहा है। महामंडलेश्वर साध्वी अंजनी देवानंद गिरी ने इस अवसर पर कहा कि वह अपने गुरु स्वामी वैराग्यानंद गिरी की शिक्षाओं पर चलते हुए सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहेंगी। इस भव्य आयोजन में श्रीमहंत रामरतन गिरी सहित भारी संख्या में संत और श्रद्धालु उपस्थित थे।













