गुरुकुल कांगड़ी के छात्रों ने बनाया अत्याधुनिक ऑटोनोमस ड्रोन
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संकाय के छात्रों ने प्रोफेसर मयंक अग्रवाल और प्रो. विपुल शर्मा के निर्देशन में एक नॉन-जीपीएस ऑटोनोमस ड्रोन विकसित किया है। ISRO के मानकों पर आधारित इस ड्रोन को मुख्य रूप से ऋषभ चौरसिया, हर्ष और ध्रूव ने तैयार किया है। कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने इसे तकनीकी नवाचार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
यूपीएससी की तैयारी के लिए खुला प्रशिक्षण केंद्र

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन गुजरात कैडर के IPS अजय मीणा ने किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए स्ट्रेस मैनेजमेंट और समाचार पत्रों का नियमित अध्ययन अनिवार्य है। कार्यक्रम में प्रो. मुकेश कुमार और प्रो. मुदिता अग्निहोत्री ने भी विचार रखे।
कुंभ-2027: मेलाधिकारी ने किया सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण

हरिद्वार। मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को हरकी पैड़ी, मनसा देवी पैदल मार्ग और ललतारौ पुल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत गलियों के सुधार और सौंदर्यीकरण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।
रेडक्रॉस दिवस पर 1200 लोगों को दिया गया प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण

हरिद्वार। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर श्यामपुर स्थित श्रीराम विद्या मंदिर में विशाल चिकित्सा शिविर और संगोष्ठी का आयोजन हुआ। डॉ. नरेश चौधरी के नेतृत्व में लगभग 1200 छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को सी.पी.आर. (CPR) और आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में सिविल जज सिमरनजीत कौर ने बच्चों को साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
चंपावत प्रकरण: कांग्रेस का प्रदर्शन बनाम भाजपा का पलटवार

हरिद्वार। चंपावत दुष्कर्म मामले को लेकर हरिद्वार में राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक रवि बहादुर और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में मामला फर्जी पाया गया है और कांग्रेस केवल जनता को गुमराह करने और भाजपा की छवि खराब करने का काम कर रही है।













