मदरसा शिक्षा को बदनाम करने की कोशिशों पर मौलाना आरिफ ने जताई चिंता
हरिद्वार: ज्वालापुर स्थित मदरसा दारुल उलूम रशिदिया में आयोजित एक बैठक में मदरसा प्रबंधक मौलाना आरिफ ने कहा कि मदरसा शिक्षा को लेकर समाज में भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मदरसे चंदे से चलते हैं और सरकार से कोई मदद नहीं लेते, इसलिए किसी नए बोर्ड या प्राधिकरण की आवश्यकता नहीं है। बैठक में आधुनिक और धार्मिक शिक्षा के समन्वय पर जोर देते हुए उन लोगों की जांच की मांग की गई जो मॉडर्न शिक्षा के नाम पर सरकारी सुविधाओं में घपला कर रहे हैं।
संगठन विस्तार और रणनीति को लेकर हरिद्वार में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक

हरिद्वार: मायापुर स्थित यूनियन भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कार्यकर्ताओं से महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसे जनहित के मुद्दों को बूथ स्तर पर उठाने का आह्वान किया। महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग सहित अन्य नेताओं ने एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन छेड़ेगी।
बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

देहरादून: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने राज्य की “ध्वस्त” कानून व्यवस्था में सुधार और नर्सिंग अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु सरकार को निर्देशित करने की मांग की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित कई वरिष्ठ विधायक और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
गायत्री विद्यापीठ का शानदार परीक्षा परिणाम: टॉप 15 में 12 छात्राएं शामिल

हरिद्वार: गायत्री विद्यापीठ शांतिकुंज के कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने एक बार फिर सफलता का परचम लहराया है। कला संकाय के रक्षक सैनी (96.8%) ने स्कूल टॉप किया, जबकि रिया सैनी (94.5%) दूसरे स्थान पर रहीं। विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा और टॉप 15 मेधावियों में 12 छात्राओं ने जगह बनाई। संस्था की अभिभाविका शैलदीदी और प्रबंधिका शैफाली पण्ड्या ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे शिक्षकों और बच्चों के कठिन परिश्रम का फल बताया।














