हरिद्वार में स्मार्ट मीटरों को लेकर उद्योग जगत और बिजली विभाग आमने-सामने

Listen to this article

गलत बिजली बिल और तकनीकी खामियों से परेशान उद्यमियों ने उठाई आवाज

हरिद्वार। SIDCUL क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों से जुड़े उद्यमियों ने स्मार्ट मीटरों से उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर मुख्य अभियंता कार्यालय रोशनाबाद में बैठक कर अपनी नाराजगी जताई। उद्यमियों ने स्मार्ट मीटरों में लगातार आ रही तकनीकी खराबियों, गलत रीडिंग, अत्यधिक बिजली बिल, बिना सूचना विद्युत आपूर्ति बाधित किए जाने तथा उद्योगों को हो रही आर्थिक क्षति जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था के कारण उद्योगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उत्पादन और व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री रोहित भाटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष आमित त्यागी, जिला अध्यक्ष मनोज पुंडीर तथा जिला महामंत्री निखिल गोयल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता शेखर चंद्र त्रिपाठी से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया। मुख्य अभियंता ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आगामी 10 दिनों के भीतर ऐसी 10 से 15 फैक्ट्रियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, जहां स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूची प्राप्त होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर जांच कर शीघ्र समाधान की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान उद्यमियों ने विद्युत विभाग के कुछ कर्मचारियों के अनुचित व्यवहार तथा बिना पूर्व सूचना कार्रवाई किए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई। इस पर मुख्य अभियंता ने विभागीय कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार लाने तथा उद्यमियों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ करने का भरोसा दिलाया। उद्यमियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में उद्योग जगत व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। बैठक में विनय शर्मा, ललित चौहान, अनित मिश्रा, अभय अग्रवाल, वाशू शर्मा, पुरुषोत्तम, पुनीत अरोड़ा, चमन सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।