ट्रेन में छूटा 5 साल का मासूम बच्चा

Listen to this article

जल्दबाजी के चक्कर में ट्रेन में छूटा 5 साल का मासूम, हरिद्वार से पंजाब तक अलर्ट

हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर जल्दबाजी के चक्कर में एक परिवार का 5 साल का बच्चा जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में ही छूट गया। घटना के बाद से जीआरपी और पुलिस बच्चे की तलाश में पंजाब तक खाक छान रही है।

चंडीगढ़ की जगह गलत ट्रेन में बैठ गया था परिवार

जीआरपी इंस्पेक्टर बिपिन चंद्र पाठक के अनुसार, मोहाली (चंडीगढ़) निवासी अनिकेत अपने परिवार, 6 बच्चों और रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। वापसी के समय पूरा परिवार गलती से जनशताब्दी ट्रेन में सवार हो गया। ट्रेन चलने ही वाली थी कि किसी ने उन्हें बताया कि यह ट्रेन चंडीगढ़ नहीं जाएगी। हड़बड़ाहट में पूरा परिवार आनन-फानन में नीचे उतर गया, लेकिन प्लेटफार्म की भारी भीड़ में उनका 5 साल का बेटा सिमोन ट्रेन के अंदर ही छूट गया। कुछ देर बाद बच्चे के गायब होने का अहसास होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। जीआरपी ने गुमशुदगी दर्ज कर ट्रेन के सभी स्टॉपेज वाले स्टेशनों को सूचित कर दिया है और एक विशेष टीम को बच्चे की तलाश में रवाना किया गया है।