
अमितशाह-संस्कृत भाषा में अंकित विद्यामार्तण्ड की मानद उपाधि से होगें अलंकृत
गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के 113वें दीक्षान्त समारोह दयानन्द स्टेडियम में 30 मार्च को होने जा रहा है। जिसमें स्नातक, परास्नातक, पी-एच0डी0 एवं गोल्ड मैडल प्राप्त करने वाले छात्र/छात्राओं को उपाधियां देश के गृह मंत्री और समारोह के मुख्य अतिथि अमित शाह द्वारा प्रदान की जाएगी। समारोह में 2014 से 2021 तक 180 छात्र/छात्राओं को स्वर्ण पदक और लगभग 1800 से अधिक छात्र/छात्राओं को उपाधियां व प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएगे। मूल्यांकन, परीक्षा और शिक्षा अनुभाग में उपाधियों की तैयारियां परीक्षा नियंत्रक प्रो0 राकेश कुमार जैन व प्रो0 मयंक अग्रवाल के निर्देशन में की जा रही है।
कुलसचिव ने बताया कि समारोह की तैयारियां उच्च स्तर पर की जा रही है। समारोह की तैयारियों के साथ-साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की देखरेख में मंच आदि की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह को संस्कृत भाषा में अंकित विद्यामार्तण्ड की मानद उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जायेंगे जिसकी तैयारियां कल्चरल डीन प्रो0 अम्बुज कुमार शर्मा के निर्देशन में की जा रही है। समारोह का पूरा निर्देशन और संयोजन प्रो0 प्रभात कुमार द्वारा किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत वैदिक मंत्रों के द्वारा किया जाएगा। यह वह स्थान है जहां से अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानन्द ने मैकाले शिक्षा के खिलाफ भारतीय संस्कृति को पल्लवित करने के लिए गुरुकुल की स्थापना की थी।













