दहेज हत्यारोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जमालपुर कलां निवासी आजाद पुत्र मुन्तयाज ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर फांसी लगाकर उसकी बहन शबनम की हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसके पति सलमान सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों को नामजद करते हुए मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल करते हुए पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सलमान पुत्र शकूर अहमद निवासी अमर कालोनी ईदगाह के पीछे मौहल्ला पांवधोई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में एसआई महिपाल सिंह, कांस्टेबल रवि कुमार व प्रमोद पुरोहित शामिल रहे।
गुमशुदा महिला की हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

चोरी का राज खुलने के डर से आरोपी ने नहर में धक्का देकर कर दी थी महिला की हत्या
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से लापता बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। महिला का शव गंगनहर से बरामद किया गया है। घरों में रंगाई पुताई का काम करने वाले आरोपी ने महिला के घर से जेवरात चोरी करने के बाद पकड़े जाने के डर से नहर में धक्का देकर महिला की हत्या कर दी थी। जिला पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सोमवार को निखिल कुमार निवासी पीठ बाजार ज्वालापुर ने उनकी माता सुनीता देवी के बिना बताए कहीं चले जाने के संबंध में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। महिला की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो सुनीता देवी एक व्यक्ति के साथ ई रिक्शा में बैठकर जाती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने ई रिक्शा चालक को ढूंढकर उससे पूछताछ की तो रिक्शा चालक ने बताया कि उसने महिला व उसके साथ बैठे व्यक्ति को ई रिक्शा से पथरी रोह पुल के पास छोड़ दिया था और उन्होंने उसका नम्बर लेकर वहीं इंतजार करने को कहा था। पुलिस टीम ने महिला व उसके साथ जाने वाले व्यक्ति की कॉल डीटेल की जानकारी की तो दोनों का आपस में बात किया जाना सामने आया और दोनों की लोकेशन पथरी रोह पुल के पास मिली। इससे पुलिस का शक गहरा गया। बुधवार को एक अज्ञात महिला का शव सोनाली पुल के समीप मिला। जिसकी शिनाख्त अरविन्द कुमार ने अपनी माता के रूप में की। पुलिस टीम ने सर्विलान्स की मदद से आरोपी नसीम पुत्र मीर हसन निवासी पॉवधोई को बाल्मिकी बस्ती ज्वालापुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चार माह पूर्व महिला के घर में रंगाई पुताई का काम करने के दौरान घर से जेवरात चोरी कर लिए था। सुनीता देवी को चोरी का शक नसीम पर था। सुनीता देवी द्वारा पुलिस में चोरी की शिकायत करने की बात करने पर नसीम ने उन्हें ठिकाने लगाने की योजना बनायी। प्लानिंग के तहत नसीम सुनीता देवी को विश्वास में लेकर झाड़ फंूक करने वाले के माध्यम से चोर का पता लगाने के बहाने से उन्हें पहले पथरी रोह पुल के पास मजार पर ले गया। लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण अपने इरादों में नाकाम रहा। इसके बाद सोमवार की सुबह उसने सुनीता देवी को बाल्मिीकि चौक के पास बुलाया और पथरी रोह पुल के पास ले गया और सुनसान जगह पर पूजा पाठ का बहाना कर उनके कान के कुंडल व अंगूठी उतरवा ली और जल चढ़ाने के बहाने से गंगनहर में धक्का दे दिया। आरोपी की निशानदेही पर सुनीता देवी के घर से और घटना वाले दिन उनसे उतरवाए गए जेवरात बरामद किए गए।













