क्राइम न्यूज़: जनपद हरिद्वार की अपराधिक खबरें, यहां देखें

Listen to this article

चोरी किए जेवरात समेत दो दबोचे

हरिद्वार। सुभाष नगर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने दो लोगों को गिरफतार कर चोरी किए गए जेवरात व अन्य सामान बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुभाष नगर निवासी मुनीर अहमद ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे जेवरात, घड़ी आदि चोरी कर लिए जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक शमशेर अली के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर गौतम पुत्र तिरलोकीनाथ व प्रवेश सैनी पुत्र अरविंद सैनी निवासी सुभाष नगर को गिरफतार कर चोरी किए गए जेवरात, घड़ी आदि सामान बरामद कर लिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शमशेर अली, कांस्टेबल नरेंद्र राणा व रवि चौहान शामिल रहे।

तमंचे के साथ सोशल मीडिया पर फोटो डालना पड़ाभारी,तमंचे व कारतूस सहित गिरफ्तार

हरिद्वार। तमंचे के साथ सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर रौब गालिब करना युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने आरोपी युवक को तंमचे व कारतूस सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लकसर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रणजीतपुर निवासी मिथुन पुत्र तेजपाल की तमंचे के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फोटो का संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस ने उसे तमंचे व कारतूस सहित दबोच लिया। युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकद्मा दर्ज किया गया है। आरोपी युवक के साथियों की भी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।

पुलिस टीम ने चरस समेत दबोचा

हरिद्वार। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना पथरी पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। घिस्सुपुरा गांव के पास से गिरफ्तार किए गए आरोपी संदीप पुत्र हुकम सिंह निवासी ग्राम धिस्सुपुरा के कब्जे से 190 ग्राम चरस बरामद की गयी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकद्मा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में एसआई महेंद्र पुंडीर, कांस्टेबल सुरेश रावत व दिनेश शामिल रहे।