रात्रि न्यूज़: जनपद हरिद्वार की खास खबरें, यहां देखें

Listen to this article

वाहन चोर गिरोह के चार सदस्य दबोचे,12 दोपहिया वाहन बरामद

हरिद्वार। नगर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए 12 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। वाहन चोरों की तलाश में लगी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खड़खड़ी क्षेत्र से दो बाईकों पर सवार गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्यों में एक आईटीआई कर चुका है। जबकि एक बीए पास है और महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। आरोपी लूट व वाहन चोरी के मामले में पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों आलोक पुत्र अविनाश निवासी ग्राम औरंगाबाद थाना मकलगंज जिला लखीमपुर खीरी उ.प्र. हाल निवासी कृपाल आश्रम रावली महदूद,संदीप पुत्र रुहला निवासी ग्राम हराठी जनता रोड थाना जनकपुरी सहारनपुर यूपी,इमरान पुत्र रियासत निवासी ग्राम सुल्तानपुर थाना बिलारी मुरादाबाद यूपी हाल निवासी ब्रहमपुरी सिडकुल व कुर्बान पुत्र अलीहसन निवासी मोहल्ला गुलाम औलिया थाना गंगोह सहारनपुर यूपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हरिद्वार, ऋषिकेश व रूड़की के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गयी और मोतीचूर के जंगलों में छिपाकर रखी गयी 9 बाईक व एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस टीम में नगर कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला,एसएसआई मुकेश थलेड़ी, खड़खड़ी चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार, एसआई प्रवीन रावत, हेड कांस्टेबल संजय पाल, जितेंद्र, विकास, कांस्टेबल राहुल धनिक, अनिल कंडज्ञरी, कमल मेहरा आदि शामिल रहे।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का अभ्यास वर्ग आयोजित

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित गुरूकृपा धाम में शुरू हुए अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अभ्यास वर्ग का शुभारंभ अखिल भारतीय अध्यक्ष प्रोफेसर जे.पी.सिंघल एवं मुख्य अतिथि अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संचालन राष्ट्रीय महामंत्री शिवानंद सिन्दनखेड़ा ने किया। प्रोफेसर जे.पी.सिंघल ने कहा कि अभ्यास वर्ग में राष्ट्र के हित में शिक्षा,शिक्षा के हित में शिक्षक,शिक्षक के हित में समाज की मूल अवधारणा को समझना है। हमारा उद्देश्य है कि मैं की अवधारणा नहीं बल्कि हम की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए शिक्षक को सर्वसमावेशी, सर्वस्पर्शी व सर्वव्यापी समझ विकसित करनी है। अभ्यास वर्ग के माध्यम से सर्व समाज एक साथ कार्य करने में सहयोगी हो ऐसी अवधारणा विकसित करनी है। उन्होंने बताया कि अभ्यास वर्ग में 22राज्यों के 196 राष्ट्रीय एवं प्रांतीय प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय कुमार सैनी ने बताया कि मुख्य रूप से दक्षिण क्षेत्र प्रमुख बालकृष्ण भट्ट, अखिल भारतीय पश्चिम क्षेत्र प्रमुख एवं प्रशिक्षण प्रभारी डा.शेखर बसंत अत्रे,अखिल भारतीय संगठन मंत्री लक्ष्मण,उच्च शिक्षा प्रभारी महेंद्र कुमार एवं समस्त प्रांतीय एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भारतीय किसान यूनियन धर्मेन्द्र ने की किसानों की समस्याएं दूर करने की मांग

हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन धर्मेन्द्र की अलकनंदा घाट पर आयोजित महापंचायत में संगठन के प्रतिनिधियों ने किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर सरकार से किसानों की दशा सुधारने के लिए कदम उठाने की मांग की। महापंचायत को संबोधित करते हुए यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि केंद्र समेत तमाम राज्यों की सरकारें किसानों के हित में नीतियां लागू करने में विफल साबित हुई हैं। देश का अन्नदाता बेहद मुश्किल हालात का सामना कर रहा है। किसानों की स्थिति पर ध्यान देने के बजाए केंद्र सरकार उद्योगपतियों के हित साधने में लगी है। किसानों के कर्ज माफ करने के बजाए उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए जा रहे हैं। धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि किसानों को फसलों का वाजिब दाम मिल सके। इसके लिए स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने के साथ एमएसपी पर गारंटी कानून बनाया जाए। किसानों का कर्ज माफ किया जाए और वृद्ध किसानों को पेंशन दी जाए। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय महापंचायत में किसानों से जुड़े तमाम मुद्दों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। महापंचायत में राष्ट्रीय संगठन मंत्री विश्वनाथ पाल,राष्ट्रीय सलाहकार अकबाल शंकर पांडे,बाराबंकी जिलाध्यक्ष मायाराम यादव,सीतापुर जिलाध्यक्ष विजय सिंह,युवा प्रकोष्ठ के लखनऊ जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव,पश्चिम उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड प्रभारी गुड्डू चौधरी,युवा प्रकोष्ठ के हापुड़ जिलाध्यख अलाउद्दीन शैफी,जिला महासचिव हापुड़ फहीम चौधरी,मेरठ जिला सचिव वासिफ, लखनऊ जिलाध्यक्ष राम देवी,जिला महामंत्री मीरा रावत,चंद्रकांत पांडे सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।

स्वामी कैलाशानंद गिरी बने भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के संरक्षक

राष्ट्र की सुरक्षा करते है जवान और किसान-स्वामी कैलाशानंद गिरी

हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी को राष्ट्रीय संरक्षक मनोनीत किया है। किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी के सानिध्य में कार्य करेगा। इस दौरान किसान संगठन के पदाधिकारियों ने स्वामी कैलाशनंद गिरी और उनके शिष्य स्वामी अंवतिकानंद ब्रह्मचारी का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि देश पर जब भी कठिनाई आती है तो देश की रक्षा के लिए सेना के साथ किसान भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है। श्री दक्षिण काली मंदिर में संगठन के पदाधिकारियों को आशीवर्चन देते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं और मुद्दों से केंद्र और राज्य सरकार को अवगत कराएंगे। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने उनसे राष्ट्रीय संरक्षक पद स्वीकार करने का आग्रह पर उन्होंने पद को स्वीकार किया। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि देश को जब भी जरूरत पड़ेगी भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन और उनके लाखों शिष्य राष्ट्र हित और समाज हित के लिए कार्य करेंगे। भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष सोमदत्त,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश जैन,प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जैन ,रामकुमार वाजपेयी आदि शामिल रहे।

पतंजलि फूड्स लिमिटेड द्वारा निर्मित 14नए उत्पाद स्वामी रामदेव ने किए लॉन्च

अगले पांच वर्षों के लिए कंपनी ने मजबूत विकास दृष्टिकोण रखा हैः स्वामी रामदेव

हरिद्वार/ नई दिल्ली। दिल्ली के कांस्टिट्यूशन क्लब से पतंजलि फूड्स के तत्वावधान तथा स्वामी रामदेव के मार्गदर्शन में पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने प्रीमियमाइजेशन ड्राइव के अंतर्गत उपभोक्ताओं के लिए न्यूट्रास्यूटिकल्स, हेल्थ बिस्कुट,न्यूट्रेला के बाजरे से बने उत्पाद और प्रीमियम सूखे मेवों में नए उत्पाद लॉन्च किए गए। पतंजलि फूड्स ने विभिन्न उपभोक्ता क्षेत्रों के लिए कुल 14 नए उत्पाद लॉन्च किए हैं। इस अवसर पर प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि योग को पतंजलि के माध्यम से आरोहण मिला है। उन्होंने बताया कि इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम हनमें ‘युग के लिए योग’,‘आत्मनिर्भरता के लिए योग’ और ‘रिजुविनेशन के लिए योग’ रखी है। आज योगधर्म युगधर्म बन गया है और युगधर्म के माध्यम से वेदधर्म,ऋषिधर्म और सनातन धर्म को जो गौरव मिला वह अप्रतिम है। आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। विज्ञान और तकनीकी की इस शताब्दी में अध्यात्म आज शिखर पर है। सनातन का गौरव चारों ओर से प्रतिष्ठित हो रहा है और गुलामी की सभी निशानियाँ ध्वस्त हो रही हैं। स्वावलम्बन या आत्मनिर्भरता के लिए योग का अर्थ उन्होंने बताया कि हम हेल्थ, वैल्थ क्रिएशन तथा ब्रांड्स में स्वावलम्बी बनें। उन्होंने कहा कि विज्ञान की सदी में इतना गहरा अज्ञान भी फैलाया जा सकता है यह मॉडर्न मेडिकल साइंस ने करके दिखा दिया है। डब्ल्यू.एच.ओ. से लेकर पूरा मेडिकल सिस्टम,मॉडर्न साइंस के डॉक्टर्स ये मानते हैं कि डिजनरेट हुए लीवर,लंग्स,हार्ट,ब्रेन,किडनी को रिजुविनेट नहीं किया जा सकता। हमने रिसर्च एण्ड एविडेंस बेस्ड मेडिसिन बनाकर योग, आयुर्वेद, पंचकर्म, षट्कर्म, अपने सनातन ज्ञान परंपरा के बल पर इन्हें रिजुविनेट किया है। हमने अपने पूर्वजों से योग, आयुर्वेद व वेदों का जो ज्ञान पाया,उसके बल पर वह करके दिखाया जो डब्ल्यू.एच.ओ. तथा पूरा मेडिकल सिस्टम नहीं कर पाया। उन्होंने बताया कि पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने अगले पांच वर्षों के लिए मजबूत विकास का दृष्टिकोण रखा है। कंपनी अपनी क्षमता को अनलॉक करना जारी रखे हुए है। न्यूट्रास्यूटिकल्स और ऑयल पाम प्लांटेशन जैसे उच्च-मार्जिन व्यवसायों के स्थिर होने के साथ,कंपनी की प्रीमियमाइजेशन पहल के साथ एफएमसीजी सेगमेंट में मार्जिन को बढ़ाएगी। स्वामी रामदेव ने बताया कि स्पोर्ट्स न्यूट्रीशन पतंजलि फूड्स ने विशुद्ध एवं प्राकृतिक स्पोर्ट्स न्यूट्रीशन उत्पादों की कमी को दूर करते हुए स्पोर्ट्स न्यूट्रीशन उत्पादों की श्रेणी में कुल 6 उत्पादों और 19 एसकेयू के साथ न्यूट्रेला स्पोर्ट्स पेश किया है। इन सभी बायो-फर्मेंटेड विटामिन और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के साथ बने शाकाहारी उत्पादों से भारतीय उपभोक्ताओं को एक क्रांतिकारी व स्वस्थ विकल्प मिलेगा। इनके अलावा परफार्मेन्स, आइसोवेदा तथा मास गेनर लोकार्पित किए गए। साथ ही 3 स्पोर्ट्स विटामिन एवं मिनरल सप्लीमेंट डेली एक्टिव, आर्गेनिक ओमेगा तथा टेस्टोबूस्टर का भी लॉन्च किया गया, ये तीनों कैप्सूल के रूप में उपलब्ध हैं। स्वामी रामदेव ने बताया कि न्यूट्रेला स्पोर्ट्स का उद्देश्य एथलीटों और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों को स्पोर्ट्स न्यूट्रीशन उत्पादों की एक विस्तृत, प्रभावी और प्राकृतिक शृंखला उपलब्ध कराना है जो उनके प्रदर्शन, लक्ष्यों और समग्र स्वास्थ्य के लिए अनुकूल हैं। स्वामी रामदेव ने बताया कि न्यूट्रेला मैक्सएक्स मिलेट्स रागी चोको सीरियल 7 सुपर अनाज -रागी,ज्वार,जई,गेहूं,चावल,मक्का और चने से बना है। यह सभी आयु समूहों के लिए उपयुक्त प्रोटीन, आयरन और आहार फाइबर का एक अच्छा स्रोत है। कार्यक्रम में पतंजलि फूड्स के सीईओ संजीव अस्थाना ने भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में स्वामी रामदेव के राष्ट्रीय प्रवक्ता एस.के. तिजारावाला मौजूद रहे।

मिथिला के तीर्थ पुरोहित शैलेश मोहन ने किया सद्भावना यात्रा का भव्य स्वागत

हरिद्वार। विश्व में शांति एवं सद्भावना की स्थापना के उद्देश्य से गंगोत्री से रामेश्वरम की पैदल कांवड़ यात्रा दल के सदस्यों का हरिद्वार पहुंचने पर मिथिला के तीर्थ पुरोहित शैलेश मोहन ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग एवं पटका भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही यात्रियों के ठहरने खाने-पीने भी व्यापक प्रबंध किया। बताते चलें कि मिथिला के दरभंगा रेडियो स्टेशन के संचालक और भारत सरकार के चुनाव आयोग के आइकॉन मणिकांत झा अपने साथियों के साथ गंगोत्री से जल के 3300 किलोमीटर आगे रामेश्वरम तक सद्भावना पैदल पद यात्रा पर निकले हैं। बुधवार को हरिद्वार पहुंचने पर मिथिला के तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन ने मिथिला की परंपरा और विधि विधान के अनुसार पाग चादर भेंटकर सम्मानित किया और साथ मे गंगा मैया की विशेष आरती पूजन की व्यवस्था के साथ ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था भी की। साथ मे पंडित अभिनव झा भी मौजूद रहें। गौरतलब है कि सद्भावना यात्रा पर निकला मिथिला (दरभंगा) के 7 सदस्यीय कांवड़ यात्रियों का दल लगातार 11 दिन करीब 300 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करते हुए बुधवार को हरिद्वार पहुंचा। हरिद्वार में ऋषिकेश,हरिद्वार,देहरादून एवं इसके आसपास रहने वाले प्रवासी मित्रों ने भी यात्रियों का भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में रोहित,मनीष कुमार झा,अभिनव कुमार झा,गार्गी,मनीष,चंदन कुमार झा,आमोद झा,अनुभव चोपड़ा, संदीप झा,सौरभ झा आदि शामिल रहे कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार यात्रा का अनुभव बताते हुए कहा कि सद्भावना यात्रा में पहाड़ की चढ़ाई करते हुए यात्रा का अपना अलग ही आनंद है। पैदल यात्रा जिस ओर चलती है,गंगा मैया साथ में बहती है। में चलती है। यात्रा दल में शुभंकरपुर (दरभंगा) के डॉक्टर बासुकीनाथ झा,हरिना झंझारपुर (मधुबनी) के चिरंजीव मिश्र,विषम टोल कछुआ (दरभंगा) के श्याम राय रतवारा (मुजफ्फरपुर) के आशुतोष कुमार एवं रंजीत कुमार झा सहित हरिनगर (सीतामढ़ी) के सुदेश ठाकुर शामिल है। बता दें कि उत्तराखंड के गंगोत्री से यात्रा प्रारंभ होकर पदयात्री उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ तेलंगाना आंध्र प्रदेश के रास्ते तमिलनाडु के रामेश्वरम तक जाएंगे यात्रा के क्रम में कांवड़ यात्रा की कला संस्कृति सभ्यता और भाषा आदि को प्रसारित करने का साथ ही कला संस्कृति से भी परिचित होंगे।

समाज सेवा में योगदान करने वाली महिलाओं को भाजपा महिला मोर्चा ने किया सम्मानित

हरिद्वार। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अनामिका शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकाल में अनेक लाभकारी योजनाओं के माध्यम महिलाओं को सशक्त करने का कार्य किया है। खासतौर पर घरेलू महिलाओं को उज्ज्वला योजना में 3सिलेंडर मुफ्त देकर आसानी से उनके घर परिवार को सुरक्षा के साथ सहूलियत भी दी है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं में स्वाबलंबी होने का आत्मविश्वास आया है और समाज में ऐसी महिलाएं जो घर परिवार संभालने के बाद समाज में भी अपना योगदान देती है। ऐसी महिलाओं को सम्मानित कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाने का काम भाजपा महिला मोर्चा करती है। गौरतलब है कि प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल के निर्देशानुसार जिला हरिद्वार में 13 एवं 14 जून को प्रबुद्ध महिला सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रंजीता झा ने कहा कि हरिद्वार भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष अनामिका शर्मा की अध्यक्षता में हरिद्वार जिले में कुल 5विधानसभा के अंतर्गत 14 मंडलों में प्रबुद्ध महिला सम्मेलन का कार्यक्रम आयोजित किए गया। सभी मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने मंडलों में क्षेत्र में जागरूकता लाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं में डॉक्टर, नर्स, अध्यापिका,आशा कार्यकर्ता,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,ब्यूटीशियन,समाजसेवी महिलाएं,वकील,गीता प्रचारक आदि विभिन्न क्षेत्र में कार्य कर रही महिलाओं को फूल माला पहनाकर एवं पटके और चुनरी पहना कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की जिला संयोजक रंजीता झा एवं सह-संयोजक पुष्पापाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा बनाकर सफलतापूर्वक संपन्न कराया। कार्यक्रम में महामंत्री प्रीति गुप्ता,शीतल पुंडीर,उपाध्यक्ष रेनू शर्मा,मनु रावत,पारुल चौहान,सविता पवार,मंत्री सोनिया अरोरा,संगीता गिरी,रजनी चौहान,शर्मिला बगवाड़ी,कोषाध्यक्ष नीतू रानी,सोशल मीडिया प्रभारी नीति शर्मा,सह सोशल मीडिया प्रभारी अंजू बधवार सह मीडिया प्रभारी गीता कुशवाहा,वरिष्ठ बहने कमला जोशी,कामिनी सडाना,अश्विनी चौहान,सपना शर्मा,आभा शर्मा,रविंदर कौर मंडल अध्यक्ष रेनू शर्मा,रीना तोमर,डॉ चित्रा शर्मा,मंजू नेगी,मनजीत कौर,रोशनी भट्ट,मृदुला सिंघल,सुनीता यादव,नेहा सैनी,रचना देवी,प्रमिला गुप्ता,गुड्डी कश्यप,छवि पंथ,नेहा सैनी ने कार्यक्रम संचालन किया। इस दौरान सभी भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र की महिलाएं भी उपस्थित रही।