जंगल में मिली महिला की लाश के मामले का खुलासा,चरित्र पर शक होने पर पति ने की थी हत्या

महिला की हत्यारोपी पुलिस गिरफ्रत में,एसएसपी ने पुलिस टीम को नकद ईनाम
हरिद्वार। नगर कोतवाली अंतर्गत हिल बाईपास के जंगल में महिला का शव मिलने का खुलासा करते हुए पुलिस ने महिला को पति को गिरफ्तार कर लिया है। चालचलन पर शक के चलते महिला के पति ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रूपए नकद ईनाम देने की घोषणा की है। रोशनाबाद स्थित जिला पुलिस कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बीती 29 सितम्बर को हिल बाईपास पर रबड़ फैक्ट्री के सामने जंगल में अर्द्धनग्न अवस्था में महिला का शव बरामद हुआ था। महिला को उसी के पहने कपड़े व नाड़े से गला घोंट कर मारा गया था। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो पाने और घटनास्थल से कोई साक्ष्य नहीं मिलने पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटना के खुलासे के लिए जांच पड़ताल में जुटी पुलिस को हरकी पैड़ी के एक सीसीटीवी फुटेज में मृतका के हुलिए से मिलती जुलती एक महिला हरकी पैड़ी पर एक पुरूष के साथ दिखाई दी। पुलिस टीम ने अन्य जानकारी जुटाते हुए महिला की पहचान कर मुखबिर की सूचना पर करन उर्फ सागर को रोड़ी बेलवाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में करन ने बताया कि मृतका उसकी दूसरी पत्नी थी। मृतका करन से पूर्व भी तीन शादी कर चुकी थी तथा चारों पति से उसके एक-एक बच्चा (कुल 4बच्चे) था। करन को पत्नी के चाल चलन पर शक था। कई बार समझाने पर भी पत्नी के हरकतों से बाज न आने पर करन ने उसकी हत्या करने की योजना बनायी। योजना के अनुसार 27 सितम्बर को जंगल से लकड़ी लाने के बहाने वह पत्नी को हिल बाईपास के जंगल में लाया और पहले उसका गला दबाया। महिला चीख ना सके। इसके लिए उसने उसके कुर्ते से ही उसका मुंह बांध कर और उसकी सलवार के नाड़े से गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद वह वापस हरकी पैड़ी गया और आस-पड़ोस वालों को पत्नी के चोरी कर भागने
की झूठी जानकारी देकर उसी दिन बच्चों सहित गांव चला गया। सोमवार को उसके वापस हरिद्वार आने पर पुलिस ने उसे शामिल रहे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में नगर कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला,एसएसआई रमेश कुमार सैनी, इंडस्ट्रियल एरिया चौकी प्रभारी एसआई नरेंद्र सिंह रावत, मायापुर चौकी प्रभारी एसआई रघुवीर रावत,एसआई मनोज गैरोला,कांस्टेबल निर्मल रांगड़,सतीश नौटियाल,सुनील,राजेश सिमलटी, आनंद व मुकेश उनियाल शामिल रहे !
चाकू व मोबाइल फोन समेत गिरफ्तार किया

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान व्यक्ति को चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार रेल चौकी प्रभारी एसआई विकास रावत सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ चेेिकंग कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध रात में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक चाकू व चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम सलमान पुत्र नसीर अहमद निवासी इंन्द्रा बस्ती लाल मंदिर कॉलोनी ज्वालापुर बताया। सलमान ने बताया कि मोबाइल फोन उसने जगजीतपुर स्थित शराब ठेके के पास से चुराए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में कांस्टेबल अजय पवार व रणवीर सिंह भी शामिल रहे।
चोरी की बाइक व मोबाइल फोन समेत दबोचा

हरिद्वार। थाना पथरी पुलिस ने मोबाइल फोन छीनने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। नरेंद्र पुत्र मदन निवासी बहादुरपुर जट ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए मुकद्मा दर्ज कराया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एकड़ नाले के पास से सावेज पुत्र मुर्तजीम निवासी गाडोवाली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन व एक मोटरसाईकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मोटरसाईकिल उसने ज्वालापुर से चोरी की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में एसएसआई लोकपाल परमार,कांस्टेबल राजीव व ब्रह्मदत्त शामिल रहे। इसके अलावा अवैध रूप से शराब बेचने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी जरीफ पुत्र शरीफ निवासी ग्राम दादूपुर के कब्जे से देशी शराब के 300 पव्वे बरामद हुए हैं।













