खास ख़बरें : हरिद्वार जनपद की ताजा ख़बरें, यहां देखें

Listen to this article

विजय दिवस पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में हुआ भव्य आयोजन

हरिद्वार के पूर्व-सैनिकों, वीर नारियों द्वारा विजय दिवस धूम-धाम से मनाया गया

हरिद्वार। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय द्वारा आयोजित सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम में जिले के पूर्व-सैनिक, वीर नारियाँ एवं उनके परिवार के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के कोठारी महंत जसविंदर सिंह शास्त्री शामिल हुए। अन्य विशिष्ट अतिथियों में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करण सिंह,श्रवणनाथ मठ जवाहरलाल नेहरू पीजीकॉलेज के प्राचार्य सुनील कुमार बत्रा,हर्ष प्रकाश काला,नीमा देवी काला पब्लिक स्कूल,रुड़की,देवभूमि पूर्व-सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष सुबेदार मेजर दिनेश चंद्र सकलानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विजडम ग्लोबल स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में 1971 भारत-पाक युद्ध में शामिल वीर सैनिकों एवं वीर नारियों को भी सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करण सिंह ने कहा की सन 1971 का युद्ध कई मायनों में अहम रहा। इससे जहा बांग्लादेश अलग राष्ट बना वही भारतीय सेना का फील्ड मार्शल शैम मानेकशाह के नेतृत्व में पाकिस्तान सहित पूरी दुनिया ने लोहा माना। मुख्य अतिथि श्रीपंचायती अखाड़ा निर्मल कोठारी महंत जसविंदर सिंह शास्त्री ने अध्यात्म,धर्म रक्षा के साथ राष्ट्र भक्ति व देश रक्षा पर प्रकाश डालते हुए 1971 के युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को नमन किया। कहा कि सैनिकों के बलिदान को हम सदाचार, ईमानदारी,सदभाव व उच्च नैतिक मूल्यों के पालन के साथ सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते है। एसएमजेएनपीजी महाविद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार बत्रा ने कहा की देवभूमि उत्तराखण्ड सैन्य भूमि है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया की वे भारतीय सेना में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट सेवा का निर्वहन करे। साथ ही उन्होंने बताया की महाविद्यालय परिसर में परमवीर चक्र विजेताओं की तस्वीर युक्त शौर्य दीवार भी युवा विद्यार्थीयो को सेना में जाने को प्रेरित करती है। साथ ही जिला सैनिक पुनर्वास कार्यालय को महाविद्यालय की तरफ से 51,हजार रुपए की राशि भी भेट की गई। सहायक अधिकारी हॉनरेरी कैप्टन डी एस गुसाई ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। दीपक जखमोला ने कार्यक्रम का सफल संचालन का निर्वहन किया। इस अवसर पर सैनिक कल्याण सहायक अधिकारी डी एस गुसाईं,प्रकाश चंद भट्ट,ब्रह्म स्वरूप शर्मा,मुकेश कुमार चंदोलिया,योगेंद्र पुरोहित, विजय शंकर चौबे, मनोज भट्ट,ओम प्रकाश थापा,जितेंद्र असवाल,प्रवेंद्र सिंह,इंद्र मोहन सिंह रावत,बी.एन शर्मा,संजय थापा,प्रवेश कुमार, शंभू बैठा,कोमल सिंह रौथाण,श्रीमती आशा मल्होत्रा,पदम बहादुर बम आदि मौजूद थे

खेलों का हमारे जीवन पर सकारात्मक असर होता है”- प्रवीण चन्द्र झा

बीएचईएल में अन्तर इकाई शूटिंग बॉल प्रतियोगिता का समापन

हरिद्वार। बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब,हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय बीएचईएल अन्तर इकाई शूटिंग बॉल प्रतियोगिता सम्पन्न हो गई। इस प्रतियोगिता में बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों की कुल 08 टीमों ने भाग लिया। सेक्टर-4 स्थित खेल परिसर में आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक प्रवीण चन्द्र झा तथा विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक (प्रभारी) सीएफएफपी वी.के.रायजादा थे। प्रतियोगिता का फाइनल मैच बीएचईएल हरिद्वार तथा बीएचईएल भोपाल की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें मेजबान हरिद्वार ने भोपाल को हराकर लगातार नवीं बार ट्राफी पर कब्जा किया। इस अवसर पर विजेताओं को सम्मानित करते हुए प्रवीण चन्द्र झा ने कहा कि अन्तर इकाई प्रतियोगिताओं के माध्यम से अलग-अलग इकाइयों के खिलाड़ी कर्मचारियों को, एक-दूसरे के साथ अपने अनुभवों को साझा करने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि खेलों से हमें नई ऊर्जा मिलती है जिसका सकारात्मक असर, हमारे काम-काज के साथ-साथ हमारे जीवन पर भी पड़ता है। हरिद्वार टीम के विनीत कुमार पुंडीर को“प्लेयर ऑफ द मैच”तथा भोपाल टीम के आर.के.मुकाती को“प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” का अवार्ड दिया गया। इस अवसर पर स्पोर्ट्स क्लब के संरक्षक आलोक कुमार, अध्यक्ष अजय कुमार एवं महासचिव अभिनव आशीष सहित महाप्रबंधकगण,वरिष्ठ अधिकारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि आदि मौजूद थे।

कच्ची शराब समेत गिरफ्तार किया

हरिद्वार। कच्ची शराब की तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए लकसर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भिक्कमपुर से गिरफ्तार किए गए आरोपी नदीम पुत्र नईम निवासी रायपुर के कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकद्मा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में कांस्टेबल संजय पंवार व राजेंद्र सिंह शामिल रहे।

निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया

खानपान में पोषण का ध्यान रखें- डा.विशाल गर्ग

हरिद्वार। सामाजिक संस्था स्वामी नारायण मिशन की और से कनखल विष्णु गार्डन स्थित प्राथमिक विद्यालय में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। स्वामी नारायण मिशन के संस्थापक विश्वास सक्सेना एवं मिनी पुरी के संयोजन में आयोजित शिविर में दंत चिकित्सक डा.अश्वनी टोंक ने स्कूल के छात्र-छात्राओं के दांतों का परीक्षण किया एवं दांतों को स्वस्थ रखने के लिए विस्तार से जानकारी दी। शिविर के दौरान समाजसेवी डा.विशाल गर्ग ने कहा कि खानपान की बदलती आदतों और पोषण की कमी की वजह से बच्चों के दांत खराब होने की समस्याएं आने लगी हैं। अभिभावकों को बच्चों के खानपान में पोषण का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से दांतों की सफाई की आदत डालनी चाहिए। विद्यालय की अध्यापिका अनिता चौहान ने शिविर के आयोजन के लिए स्वामी नारायण मिशन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मिनी पुरी,रेशू वर्मा, बाला नेगी आदि उपस्थित रहे।

धर्म की हानि होने पर अवतार लेते हैं भगवान-पंडित राघवेंद्र पाराशर

हरिद्वार: भूपतवाला स्थित आनंद आश्रम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भक्तों को संबोधित करते हुए कथावाचक पंडित राघवेंद्र पाराशर ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने भक्तों का उद्धार व पृथ्वी को दानवी शक्तियों से मुक्त कराने के लिए अवतार लिया था। उन्होंने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर धर्म की हानि होती है। तब-तब भगवान धरती पर अवतरित होते हैं। कथा प्रसंग सुनाते हुए कथा वाचक पंडित राघवेंद्र पाराशर ने ने बताया कि कंस के अत्याचारों की अति होने के पर भगवान श्री कृष्ण का जन्म धरती पर हुआ था। सात संतानों की कंस के हाथों मृत्यु के बाद माता देवकी को अपनी आठवीं संतान की मृत्यु का भय सता रहा था। लेकिन भगवान की लीला वे स्वयं ही समझ सकते हैं। भगवान कृष्ण के जन्म लेते ही जेल के सभी बंधन टूट गए और भगवान श्रीकृष्ण गोकुल पहुंच गए। इस दौरान कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया और आरती के बाद प्रसाद वितरण किया। इस अवसर पर आश्रम के महंत स्वामी विवेकानंद,कपिल शर्मा, बल्लू, अभिषेक ठाकुर,ब्रहमपाल नागर,राजनारायण भाटी, बबलू कालरा, आचार्य ज्योति प्रसाद मिश्रा,आचार्य मनीष बहुखण्डी, प्रदीप भाटी, चौधरी हरीश, आदि भक्त उपस्थित थे।

विजय दिवस पर एसडी इंटर कॉलेज खड़खड़ी में शहीदों और इंदिरा गांधी का भावपूर्ण किया स्मरण

हरिद्वार। विजय दिवस की 52ीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को श्री मिथिलेश सनातन धर्म इंटर कॉलेज की खड़खड़ी शाखा में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विजय दिवस के अवसर पर 1971 में भारत पाकिस्तान युद्ध के समय शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई 1971 के युद्ध की नायिका भारत की प्रथम प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी का भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष कॉलेज की प्रबंध समिति के सचिव प्रबंधक सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि इंदिरा गांधी के कुशल नेतृत्व में 1971 में भारत ने पाकिस्तान को हराया जिसका श्रेय श्रीमती इंदिरा गांधी के कुशल नेतृत्व और भारत की सेवा को जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय थल सेवा में शामिल हरिद्वार के कई नौजवान इस युद्ध में शहीद हुए थे और जिन्होंने पूरे विश्व में हरिद्वार का नाम रोशन किया था जिनमें एक बहुखंडी परिवार है । इस अवसर पर कॉलेज की प्रबंध समिति केहराकर अध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय सेवा की कुशलता के कारण भारत ने 1971 की लड़ाई जीती और पूरे विश्व का ही भूगोल बदल डाला और इसका श्रेय भारतीय सेना और तब की प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी को जाता है। इस अवसर पर कॉलेज की प्रबंध समिति के वरिष्ठ सदस्य पूर्व प्रबंधक सुनील दत्त पांडे, राजेंद्र कुमार शर्मा, मनोज खन्ना, प्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा, खड़खड़ी शाखा के प्रभारी राजीव पंत और कई शिक्षक शिक्षिकाओं ने भारत के शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।