देहरादून गैंगरेप मामला: नया मोड़ और चौंकाने वाले खुलासे

Listen to this article


पीड़िता के साथ पहले भी मुरादाबाद में दुष्कर्म,
एक और जीरो एफआईआर दर्ज

देहरादून में आईएसबीटी बस स्टैंड पर एक किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक नया मोड़ आया है। जब पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराया तो उसने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उसके साथ ऐसा हुआ है। उसने बताया कि इससे पहले भी मुरादाबाद में उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मुरादाबाद में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एक जीरो एफआईआर दर्ज की है और मामला मुरादाबाद पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि किशोरी के साथ पहले किसने और कहां दुष्कर्म किया था। देहरादून में हुए गैंगरेप मामले के पांचों आरोपियों को पुलिस ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस पूरे घटनाक्रम को दोबारा बनाने की कोशिश करेगी। जिसमें किशोरी को दिल्ली से लाने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को घटनास्थल पर ले जाकर पूछताछ की जाएगी और एक विस्तृत नक्शा तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस घटना से जुड़े अन्य सबूत भी इकट्ठा करेगी।

आपको बता दें कि 12 अगस्त की रात को आईएसबीटी बस स्टैंड पर 16 साल की एक किशोरी बदहवास हालत में मिली थी। गार्ड की सूचना पर बाल कल्याण समिति की टीम किशोरी को अपने साथ बाल कल्याण गृह ले गई। जहां पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसके साथ बस में कई लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया था।