सशक्त महिला से ही सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण- जिलाधिकारी
हरिद्वार, 25 मार्च 2025 – उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के सहयोग से ऋषिकुल सभागार में “सशक्त महिला, सशक्त राष्ट्र” की थीम पर एक भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता जागरूकता में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह और अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में हरिद्वार के विभिन्न आयुर्वेदिक कॉलेजों ने रंगोली, चित्रकला, पोस्टर, क्विज और नुक्कड़ नाटक में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मतदाता शपथ के साथ हुई, जिसमें सभी ने निष्पक्ष और जागरूक मतदान का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि सशक्त महिला से ही सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे समाज में जागरूक मतदाता के रूप में कार्य करें और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करें।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए साल में चार अवसर मिलते हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने मताधिकार का पूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया और कहा कि मतदान के साथ-साथ नेतृत्व और अन्य क्षेत्रों में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़नी चाहिए।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। चित्रकला, रंगोली और स्लोगन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिए गए।
कार्यक्रम में उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरुणेश त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे और जिला स्वीप आइकॉन वैशाली शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेश चौधरी ने किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, उप निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने भी भाग लिया