प्रेस क्लब, हरिद्वार में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 100 से अधिक पत्रकारों ने कराया परीक्षण

Listen to this article

हरिद्वार: प्रेस क्लब में बुधवार को मेदांता हॉस्पिटल, नोएडा ग्रुप द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में सौ से अधिक पत्रकारों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से परामर्श लिया।
हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव मनीष सिंह, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया।
शिविर में मेदांता हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. सैफ रहमान (फिजिशियन), डॉ. रमन यादव, डॉ. अनूप नेगी, डॉ. गुंजन और डॉ. दीक्षा ने 108 पत्रकारों व उनके परिजनों की बीपी, शुगर, बीएमडी, ईसीजी और पीएफटी जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें कीं।
इस अवसर पर एचआरडीए सचिव मनीष सिंह ने भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे चिकित्सा शिविर आम लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा ने पत्रकारों सहित सभी कार्यरत लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान किया ताकि वे स्वस्थ रहकर बेहतर ढंग से अपने कार्यों को निष्पादित कर सकें।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना बताया। अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने यह भी जानकारी दी कि पत्रकारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेदांता अस्पताल और प्रेस क्लब के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर विचार-विमर्श चल रहा है।
वरिष्ठ पत्रकारों शिवशंकर जायसवाल, आदेश त्यागी, संजय आर्य और रजनीकांत शुक्ल ने स्वास्थ्य जांच को शरीर को रोगमुक्त रखने के लिए आवश्यक बताया। स्वास्थ्य जांच शिविर के संयोजक डॉ. शिवा अग्रवाल ने सभी अतिथियों और चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर के समापन पर श्रीगंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम ने चिकित्सा टीम के सदस्यों को गंगाजली और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री दीपक मिश्रा ने एचआरडीए सचिव मनीष सिंह और एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा को स्मृति चिन्ह, गंगाजली और पटका भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मेदांता नोएडा ग्रुप के मैनेजर अनूप नेगी और नितिन शर्मा, जिला सूचना अधिकारी नदीम अहमद, मनोज गौतम, अविक्षित रमन, बृजेंद्र हर्ष, बालकृष्ण शास्त्री, राजेश शर्मा, कुमकुम शर्मा, डॉ. प्रदीप जोशी, लवकुमार शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, श्रवण झा, नाथीराम सैनी, विकास चौहान, मुदित अग्रवाल, महावीर नेगी, महेश पारीख, दयाशंकर वर्मा, अमित शर्मा, ललितेंद्र नाथ, सुनील पाल, राजकुमार, सुमित यशकल्याण, हरीश, सुमित सैनी, सचिन सैनी, पुलकित शुक्ला, वैभव भाटिया और विकास कुमार सहित अनेक पत्रकार उपस्थित थे।