पति की मारपीट से तंग आकर तीन बच्चों की मां प्रेमी संग रहने पर अड़ी, पुलिस समझाने में जुटी

Listen to this article

हरिद्वर: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के गांव रामपुर रायघटी में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां दस साल से वैवाहिक जीवन जी रही और तीन बच्चों की मां अपने पति की लगातार मारपीट से तंग आकर अब अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है। महिला ने भिक्कमपुर चौकी पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई है कि उसे उसके प्रेमी के साथ रहने दिया जाए।
मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर रायघटी निवासी मांगे राम से करीब दस वर्ष पूर्व एक महिला की शादी हुई थी। दंपति के तीन बच्चे भी हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता है, जिससे वह बहुत परेशान है। आए दिन के इन झगड़ों के कारण महिला की नजदीकियां गांव के ही पड़ोसी युवक रवि सैनी (उम्र 22 वर्ष) से बढ़ीं और दोनों में प्रेम संबंध बन गए।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले भी यह महिला अपने प्रेमी रवि के साथ घर छोड़कर चली गई थी। उस समय वह पति के घर से करीब पांच लाख रुपये भी अपने साथ ले गई थी। इन रुपयों में से एक लाख रुपये उसने रवि को मोटरसाइकिल दिलाने में खर्च किए थे, जबकि चार लाख रुपये बाद में लौटा दिए थे। तब ग्रामीणों के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने पर महिला अपने पति के पास लौट आई थी।
हालांकि, महिला का कहना है कि कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक रहा, लेकिन फिर से पति का व्यवहार पहले जैसा हो गया और वह दोबारा मारपीट करने लगा। शुक्रवार शाम को भी पति द्वारा की गई मारपीट के बाद महिला सीधे अपने प्रेमी के घर चली गई और वहीं रहने पर अड़ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिक्कमपुर चौकी पुलिस ने महिला, उसके पति मांगे राम और प्रेमी रवि सैनी को चौकी बुलाया और पूरे मामले की जानकारी ली। फिलहाल, ग्रामीण और पुलिस दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अडिग है।
भिक्कमपुर चौकी प्रभारी नवीन चौहान ने बताया कि महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की निवासी है और करीब एक दशक से रामपुर रायघटी में अपने पति के साथ रह रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पति की मारपीट से तंग आकर महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी है, जिसे ग्रामीण और पुलिस समझाने का प्रयास कर रहे हैं। महिला के तीन बच्चे होने के कारण उसे समझाने की पूरी कोशिश की जा रही है। चौकी प्रभारी ने कहा कि यदि महिला मान जाती है तो उसे उसके पति के साथ भेज दिया जाएगा, अन्यथा यदि वह अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही तो उसे उसके प्रेमी के साथ भेज दिया जाएगा।