हरिद्वार, 13 जून: शिवालिक नगर पालिका के सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने पालिका में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. उन्होंने पालिका अध्यक्ष की संपत्ति और आय के स्रोतों की जांच की मांग की है और 22 जून को धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने का ऐलान किया है.
प्रेस क्लब में एक पत्रकार वार्ता के दौरान अमरदीप सिंह रॉबिन ने कहा कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है, जहां अधिकारी अपनी सुविधा के अनुसार फाइलें आगे बढ़ाते हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद हुई बोर्ड बैठक की प्रोसीडिंग अभी तक सभासदों को नहीं दी गई है. विरोध करने वाले सभासदों को धमकाया जा रहा है और उनके वार्डों में विकास कार्य रोके जा रहे हैं.
रॉबिन ने फर्जी टेंडर और बिना काम के ठेकेदारों को भुगतान करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि पेयजल, कूड़ा निस्तारण और आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए कोई योजना या नीति लागू नहीं की गई है, सड़कें खराब हैं, सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं और पूरे क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है.
सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने एक सात-सूत्रीय मांग पत्र भी जारी किया, जिसमें प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
* पालिका अध्यक्ष की संपत्ति और आय के स्रोतों की सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एसआईटी जांच.
* बीएचईएल में लगाए गए यूनिपोल की वैधता की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई.
* भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों की सूची सार्वजनिक करना.
* बोर्ड बैठक की कार्यवाही सभासदों को उपलब्ध कराना.
* कूड़ा प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति नीति को सार्वजनिक करना.
* पालिका अध्यक्ष द्वारा सभासदों और जनता के प्रति अभद्र भाषा और व्यवहार पर रोक.
* नगर पालिका की कार्यशैली में जनभागीदारी सुनिश्चित करना.
इस प्रेस वार्ता में तरुण व्यास, मोहित डिमरी, अतुल गोसाई, गौतम राणा, हिमांशु रावत और शिशुपाल पोखरियाल भी मौजूद रहे.
2025-06-13













