हरिद्वार में NHM कर्मचारियों को 3-4 महीने से वेतन नहीं, दी आंदोलन की चेतावनी

Listen to this article

हरिद्वार: जनपद हरिद्वार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत लगभग 450 कर्मचारियों को पिछले तीन से चार महीनों से वेतन न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस आपातकालीन स्थिति को देखते हुए, समस्त कर्मचारियों ने आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) और जिलाधिकारी (DM) हरिद्वार को एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन के माध्यम से यह अवगत कराया गया है कि यदि 15 जून 2025 तक उनका बकाया मानदेय जारी नहीं किया जाता है, तो 16 और 17 जून को जनपद के सभी NHM कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर काला फीता बांधकर शासन-प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे और अपना कार्य जारी रखेंगे।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन हरिद्वार के जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि यदि इसके बाद भी कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया जाता है, तो 18 जून 2025 से NHM कर्मचारियों को मजबूरन कार्य बहिष्कार जैसा बड़ा कदम उठाना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इसका सीधा असर जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ना स्वाभाविक है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रप्रशासन की होगी।
यह स्थिति हरिद्वार में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि NHM कर्मचारी विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सेवाओं को सुचारु रूप से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है ताकि कर्मचारियों की समस्या का समाधान हो सके और स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों।