कांवड़ मेला संपन्न, अब विशेष स्वच्छता अभियान चलाएंगे जिलाधिकारी

Listen to this article

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के सकुशल संपन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने हर की पौड़ी ब्रह्म कुंड पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की और दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने श्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भी पूजा कर आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष लगभग 4.50 करोड़ शिवभक्त हरिद्वार पहुंचे और मां गंगा व महादेव की कृपा से मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और सुरक्षा व मूलभूत सुविधाओं के लिए आभार जताया। साथ ही, उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सभी पुलिस अधिकारियों, जवानों, पीआरडी, होमगार्ड, अर्धसैनिक बलों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडल, जनप्रतिनिधियों, संत समाज, जनपदवासियों और पर्यावरण मित्रों का भी सफल आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों को भी उनके प्रचार-प्रसार के लिए सराहा। जिलाधिकारी ने घोषणा की कि अगले तीन दिनों तक कांवड़ मेला क्षेत्र और पटरी मार्गों पर विशेष स्वच्छता और सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।