लगातार हो रही वर्षा के चलते जनपद में हर तरफ जलभराव की स्थिति

Listen to this article


हरिद्वार:  पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार भारी बारिश ने पंचपुरी सहित पूरे हरिद्वार जनपद को जलमग्न कर दिया है। लगातार बारिश से पंचपुरी के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। हरिद्वार में वर्षा और नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है। इसके लिए आपदा कंट्रोल रुम को एक्टिव कर दिया गया है। जिलाधिकारी का कहना है कि अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं और यूपी सिंचाई विभाग सहित सभी से समन्वय बनाकर हालात पर नजर रखी जा रही है। शहर में सबसे ज्यादा खराब स्थिति भगतसिंह चौक ,चंद्राचार्य चौक आवास विकास कालोनी की बनी हुई है जहां जलभराव के कारण वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। वाहनों को बड़ा लंबा चक्कर काट कर जाना पड़ रहा है। जिला प्रशासन जल निगम व नगर निगम के लाख प्रयासों के बावजूद जल भराव की स्थिति में कोई सुधार नही हो पा रहा है। गढ़वाल मंडल में हो रही भारी वर्षा के चलते गंगा का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है।भीमगोडा बैराज से अतिरिक्त पानी नीलधारा में छोड़ दिए जाने के कारण इसके तटवर्ती गांव श्यामपुर कांगड़ी गाजी वाली में भूमि का कटाव हो रहा है। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी हुई,कई गांव संपर्क मार्गों के टूट जाने से अलग थलग पड़ गए हैं।मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24घंटे में जनपद में सर्वाधिक वर्षा रोशनाबाद में 95 मि रिकॉर्ड की गई है जबकि हरिद्वार में सबसे कम 42 मि रुड़की में 50 मि भगवानपुर में 58मि तथा लक्सर में 85मि वर्षा रिकार्ड की गई है। नगर के अन्य क्षेत्रों में भूपतवाला ,दुर्गानगर,मुखिया गली,नई बस्ती आदि में वर्षा का पानी कई कई फुट तक भर गया है। नगर के मध्य बहने वाली लालतारों नदी भी अपने पूरे जोर-शोर से बह रही है। रात्रि में ललतारों नदी का पानी श्रवणनाथ नगर,बैरागी बस्ती,बिल्वकेश्वर कॉलोनी में भर गया जिससे लोगों का काफी नुकसान हुआ है मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले 24 घंटे तक यही स्थिति भारी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है जिसको देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट मोड में है और सभी विभाग अपने स्तर पर व्यवस्था बनाने में जुटे हुए हैं। जिलाधिकारी का कहना है कि अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं और यूपी सिंचाई विभाग सहित सभी से समन्वय बनाकर हालात पर नजर रखी जा रही है। वही दूसरी ओर लगातार बारिश से बढ़ते जलस्तर के बाद हरिद्वार पुलिस भी चौकस हो गई है और लोगों को सचेत किया जा रहा है। पुलिस बारिश के बीच ही अपने वाहनों पर निकलकर ध्वनि विस्तारकों के माध्यम से लोगों को सावधान किया कि लोग गंगा के किनारे न जाएं और अपने पालतू पशुओं को भी नदी की ओर ना जाने दें। साथ ही पुलिस ने भीमगोड़ा क्षेत्र में भी लोगों को सूखी नदी के आसपास सचेत किया कि अचानक पानी आने वाले स्थानों से अपने वाहनों को हटा लें तथा सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें। पुलिस ने लोगों से अनावश्यक सफर ना करने तथा आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलने के निर्देश भी दिए।