हरिद्वार में औद्योगिक इकाइयों, फार्मों और संस्थाओं के उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निर्यात की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभिन्न औद्योगिक इकाइयों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों का सही डेटा इकट्ठा करें और उनके निर्यात को बढ़ावा देने के लिए उचित योजना तैयार करें। उन्होंने कृषि, उद्यान, डेयरी, क्राफ्ट, आयुष और फूड सेक्टर में निर्यात की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इन क्षेत्रों से संबंधित उत्पादों का विस्तृत डेटा एक महीने के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।बैठक में एफआईओ के उप निदेशक मनीष झा ने निर्यात को बढ़ावा देने के लिए चल रहे कार्यों और योजनाओं का प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने बताया कि भारतीय निर्यातकों को दुनिया भर के देशों से जोड़ने के लिए वर्चुअल बैठकें और व्यापार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। जिला उद्योग के महाप्रबंधक उत्तम कुमार तिवारी ने भी जनपद में निर्यात की संभावनाओं पर एक प्रस्तुतिकरण दिया। इस बैठक में कई औद्योगिक प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया।
2025-08-06













