हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में 3 शिकायतों का मौके पर किया निस्तारण

हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में हुए जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 7 शिकायतें दर्ज की गईं। लगातार बारिश के कारण कम लोग ही अपनी समस्याएं लेकर पहुँचे। इन 7 शिकायतों में से 3 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी शिकायतों का निपटारा समय पर और तत्परता से किया जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए तुरंत निपटाने का आदेश दिया। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

भारी बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी ने दिए सतर्क रहने के निर्देश

हरिद्वार में भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट रहने और जलभराव वाले इलाकों में तुरंत पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अगर कोई सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त हो जाता है, तो उसे तुरंत ठीक करके यातायात बहाल किया जाए। उन्होंने शिक्षा, पंचायती राज और बाल विकास जैसे विभागों को बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर उसकी रिपोर्ट तुरंत आपदा प्रबंधन अधिकारी को सौंपने के लिए कहा। साथ ही, जल संस्थान और विद्युत विभाग को भी पेयजल और बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तुरंत मरम्मत करने का आदेश दिया गया है।

पैक्स कम्प्यूटराइज़ेशन की धीमी प्रगति पर सीडीओ ने जताई नाराजगी

मख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आकांक्षा कोंडे ने हरिद्वार में पैक्स कम्प्यूटराइज़ेशन परियोजना की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने जिला सहायक निबंधक, सहकारी समितियों को अगले दो दिनों में शेष 38 समितियों का जी.एल. मिलान पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
सीडीओ ने इस काम में देरी पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने उन समितियों का सिस्टम ऑडिट भी तुरंत पूरा करने को कहा है, जिनका जी.एल. मिलान पहले ही हो चुका है। सीडीओ ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा हर दूसरे दिन करने का फैसला किया है।