हरिद्वार: ज्वालापुर के आर्यनगर स्थित आरके एन्क्लेव में सर्राफा कारोबारी यशपाल मल्होत्रा के घर लूट के प्रयास मामले में पुलिस ने दिल्ली की प्लेसमेंट एजेंसी के संचालक हीरा लामा को गिरफ्तार किया है। लामा और उसकी पत्नी ने साजिश के तहत दो नेपाली नौकरानियों, अनिशा राय और पुष्षा, को कारोबारी के घर काम पर भेजा था।8 अगस्त को हुई इस घटना में, नौकरानियों ने कारोबारी, उनकी पत्नी और दो पोतों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया था। उनका इरादा घर में लूटपाट करने का था, लेकिन कारोबारी की बेटी के अचानक घर पहुँचने से वे सफल नहीं हो पाईं और फरार हो गईं।परिवार के सभी सदस्यों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने गौरव कुमार की शिकायत पर दोनों नौकरानियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जाँच में पता चला कि नौकरानियों को दिल्ली की “सूरज प्लेसमेंट” नामक एजेंसी से काम पर रखा गया था।पुलिस ने एजेंसी संचालक हीरा लामा को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। अब फरार चल रही दोनों नौकरानियों की तलाश जारी है।
2025-08-12













