हरिद्वार: साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर एक शख्स के बैंक खाते से 14 लाख रुपये उड़ा लिए थे। हालांकि, हरिद्वार की साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को उसकी ठगी गई रकम वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। यह घटना अगस्त 2024 में सामने आई थी, जब बहादराबाद के सुमित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
सुमित ने बताया कि उन्हें HIBOX अर्निंग एप के माध्यम से ऑनलाइन निवेश का लालच दिया गया था। साइबर ठगों ने धोखाधड़ी से उनके और उनकी मां के बैंक खातों से कुल 14 लाख रुपये निकाल लिए थे। बहादराबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए इसे साइबर सेल को सौंप दिया।
साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार के नेतृत्व में टीम ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने ट्रांजेक्शन आईडी के आधार पर संबंधित पेमेंट गेटवे और बैंक खाते का पता लगाया और उन्हें तुरंत फ्रीज कर दिया। हालांकि, ठगों ने पहले ही यह रकम दूसरे अज्ञात खातों में ट्रांसफर कर दी थी।
इसके बाद, साइबर सेल ने हार नहीं मानी और संदिग्ध खातों से जुड़े जीएसटी नंबरों को ट्रैक किया। इस नंबरों की मदद से, उन्होंने उन बैंक खातों को ढूंढ निकाला, जिनमें ठगी गई रकम जमा की गई थी, और तुरंत उन खातों में भी पैसा होल्ड करवा दिया।
साइबर सेल ने सारी जानकारी जांच अधिकारी को उपलब्ध कराई। इसके बाद, कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, साइबर सेल और बहादराबाद थाने की संयुक्त टीम ने धोखाधड़ी से संबंधित 13.49 लाख रुपये की धनराशि पीड़ित परिवार के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी। अपनी जमा-पूंजी वापस मिलने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस और साइबर सेल का आभार व्यक्त किया।












