राहत किट्स को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया रवाना
देहरादून। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में आई प्राकृतिक आपदा के बाद, नेस्ले इंडिया ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। कंपनी ने 2,000 आवश्यक किराना किट उत्तराखंड सरकार को दान किए हैं, जिसका उद्देश्य आपदाग्रस्त परिवारों की मुश्किलों को कम करना है।

इन राहत किट्स को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा गया। मुख्यमंत्री ने इन किट्स को देहरादून से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये किट्स उन खाद्य सामग्रियों से युक्त हैं, जो एक चार सदस्यीय परिवार की 15 दिनों तक की जरूरतों को पूरा कर सकती हैं।
नेस्ले इंडिया की सस्टेनेबिलिटी और सामाजिक पहल प्रमुख, डॉ. तरुणा सक्सेना ने कहा, “हमारा दिल उत्तरकाशी के लोगों के साथ है और हम प्रार्थना करते हैं कि स्थिति जल्द से जल्द सामान्य हो। हमें उम्मीद है कि ये राहत किट उनके लिए उपयोगी साबित होंगी। हम इस कठिन समय में क्षेत्र का सहयोग करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।”
नेस्ले इंडिया के कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक, कुंवर हिम्मत सिंह ने भी कंपनी की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा, “हमें उम्मीद है कि हमारा यह योगदान उत्तरकाशी के लोगों को आवश्यक खाद्य आपूर्ति प्रदान करने में सहायक होगा। हम राहत कार्यों में हर संभव सहायता देने के लिए तैयार हैं।”














