हरिद्वार: उपनगर कनखल स्थित सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी मंदिर में आयोजित एक धार्मिक एवं आध्यात्मिक समारोह में पर्यावरण वैज्ञानिक डा. एच.बी. पंत का नागरिक सम्मान अभिनंदनम् किया गया।
मंदिर के प्रधान अर्चक एवं ज्योतिषाचार्य डॉ. आनंद बल्लभ जोशी ने डा. पंत को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम (एसबीएमए) से जुड़े डा. पंत को यह सम्मान आईटीसी, सिडकुल के आर्थिक सहयोग से हनुमानगढ़ी मंदिर के बाहर धार्मिक एवं पर्यावरणीय आकर्षक भित्ती चित्रों के माध्यम से सौंदर्यीकरण का कार्य करने और लोगों को “स्वच्छता ही सेवा है” के लिए प्रेरित करने हेतु दिया गया।
डा. पंत ने भक्तों से मंदिर परिसर में और पेड़-पौधों के आसपास माचिस की तिल्लियों, पॉलिथीन की थैलियों और पूजा के अपशिष्ट पदार्थों को न फेंकने और सप्ताह में एक बार स्वच्छता अभियान चलाने का आह्वान किया।
एसबीएमए और आईटीसी मिलकर इस तरह के स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के कार्य शीतला माता मंदिर, चण्डी देवी रोप वे, हरकी पौड़ी व विभिन्न गाँवों में भी कर रहे हैं।
इस अवसर पर हनुमानगढ़ी मंदिर के पीठाधीश्वर डॉ. पं. आनंद बल्लभ जोशी ने आईटीसी प्रबंधन का भी सांस्कृतिक, सांस्कारिक और जनपयोगी कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।














