मुनि मंडल आश्रम विवाद: सात संतों पर कब्ज़े की कोशिश का मुक़दमा दर्ज
हरिद्वार। कनखल स्थित मुनि मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी आनन्द राघव मुनि महाराज ने आश्रम में विवाद पैदा करने और कब्ज़ा करने की कोशिश के आरोप में सात संतों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कराया है। सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए स्वामी आनन्द राघव मुनि महाराज ने बताया कि 12 जुलाई को उत्तराधिकारी और कोठारी नियुक्त करने के कार्यक्रम में इन संतों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए रुकावट डालने की कोशिश की थी। उन्होंने सभी आरोपी संतों की गिरफ़्तारी और अपनी व अन्य संतों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। आश्रम के संरक्षक महामंडलेश्वर स्वामी शिवानंद ने भी आरोप लगाया कि 20 अगस्त को आरोपी संतों ने उनका अपमान किया और उन्हें कूटरचना करके निष्कासित करने का फ़र्ज़ी प्रस्ताव पारित कर दिया, जबकि उन्हें ऐसा करने का अधिकार नहीं है। जूना अखाड़े के महामण्डलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि महाराज ने भी कब्ज़ा करने की कोशिशों की निंदा करते हुए पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
श्री श्याम बैकुंठ धाम में बालाजी दरबार का आयोजन

हरिद्वार। श्यामपुर कांगड़ी स्थित श्री श्याम बैकुंठ धाम में स्वामी श्याम सुंदर महाराज के संयोजन में बालाजी दरबार का आयोजन किया गया। इस दरबार में उत्तराखंड सहित कई राज्यों से आए भक्तों ने हाज़री लगाई और अपने कष्टों का निवारण किया। अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कलयुग में बालाजी की शक्ति सबसे बड़ी है और वे भक्तों के सभी संकट दूर करते हैं। संतों ने भक्तों को ज्ञान की प्रेरणा देकर सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतना नंद महाराज, महंत महामंडलेश्वर स्वामी ललितांनद गिरी, और स्वामी नागेंद्र महाराज सहित अन्य संत मौजूद रहे।
ज्वालापुर में विजिलेंस टीम की छापेमारी: 17 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई

हरिद्वार। देहरादून से आई विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने ज्वालापुर की विष्णु लोक कॉलोनी, अहबाबनगर और मोहल्ला घोसियान में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 17 स्थानों पर बिजली चोरी के मामले पकड़े। उपखंड अधिकारी सुश्री अर्चना और अवर अभियंता मुकेश रवि ने बताया कि इन क्षेत्रों में बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। सभी 17 मामलों में कोतवाली ज्वालापुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी रोकने के लिए यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और पकड़े गए लोगों पर भारी जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला मुक्केबाजी संघ द्वारा जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन
हरिद्वार। जिला मुक्केबाजी संघ ने योग स्थली स्टेडियम रोशनाबाद में जिला स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया। उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान व अन्य अतिथियों ने किया। प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग में कुल 132 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें 70 बालक और 62 बालिकाएं शामिल थीं। जिला मुक्केबाजी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने बताया कि युवाओं में मुक्केबाजी खेल के प्रति रुझान बढ़ रहा है और संघ के प्रयासों से कई प्रतिभावान खिलाड़ी सामने आए हैं। विभिन्न भार वर्ग में हुए रोचक मुकाबलों में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
श्यामपुर पुलिस ने दबोचे अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य

हरिद्वार। थाना श्यामपुर पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ़्तार किया है। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के क़ब्ज़े से 3 बाइक और 1 स्कूटी बरामद की है। 5 अक्टूबर को दर्ज हुई बाइक चोरी के मुक़दमे की जांच के बाद, पुलिस टीम ने सीसीटीवी फ़ुटेज और मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को चेकिंग के दौरान पकड़ा। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर नीलधारा के पास झाड़ियों में छिपाई गई चोरी की अन्य गाड़ियाँ और खुले पार्टस भी बरामद किए गए। गिरफ़्तार आरोपियों के नाम हिमांशु कुमार, ओमप्रकाश, और अर्पित हैं।













