सिंचाई सचिव ने किया अर्धकुंभ कार्यों का निरीक्षण

हरिद्वार। सिंचाई विभाग द्वारा प्रस्तावित 2027 अर्धकुंभ की तैयारी से जुड़े निर्माण कार्यों का सिंचाई सचिव जुगल किशोर पंत ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सभी घाटों के निर्माण और रीडेवलपमेंट कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, कांगड़ा घाट, महिला घाट, पंतद्वीप, सुभाष घाट, गौघाट और रोड़ी बेलवाला क्षेत्रों में किया गया। सचिव ने कहा कि अर्धकुंभ को दिव्य, भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
31 अक्टूबर तक सभी सरकारी आंगनवाड़ी केंद्र में हो पेयजल व्यवस्था: सीडीओ

हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्रीमती आकांक्षा कोण्डे की अध्यक्षता में आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जनपद के 3,179 आंगनवाड़ी केंद्रों में से 1,320 सरकारी भवनों में हैं, जिनमें से 635 में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जानी थी। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने बताया कि 114 केंद्रों में कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष 31 अक्टूबर 2025 तक उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे कर लिए जाएंगे। सीडीओ ने गुणवत्ता से समझौता न करने और कार्य पूर्ण होने पर ‘क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेट’ प्रदान करने के निर्देश दिए।
‘धामी सरकार-चली गरीब के द्वार’ शिविर में सुनी गईं समस्याएं
हरिद्वार। समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति, उत्तराखंड के उपाध्यक्ष, दर्जाप्राप्त राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल के नेतृत्व में ब्लॉक नारसन के तीन गाँवों (कुरड़ी, झबीरन जट, नगला एमाद) में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई का समाधान मौके पर ही किया गया। जिला स्तर की समस्याओं को जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। श्री कर्णवाल ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और ऐसे शिविर आयोजित होते रहेंगे।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग भर्ती गड़बड़ी की जांच निष्पक्ष होगी: आयोग अध्यक्ष
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की विगत 21 सितंबर को हुई भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी ने जनसुनवाई एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्य एवं साक्ष्यों पर आधारित होगी। लोक सुनवाई में अभ्यर्थियों, परीक्षा केंद्र प्रभारियों और आम नागरिकों ने अपने सुझाव और साक्ष्य रखे। आयोग विभिन्न जिलों में जाकर संवाद कर रहा है ताकि अंतिम रिपोर्ट निष्पक्षता से तैयार कर शासन को भेजी जा सके।
विधिक प्राधिकरण सचिव ने खाद्य विभाग के साथ किया स्वीट शॉप का निरीक्षण

देहरादून। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने खाद्य विभाग की टीम के साथ घंटाघर क्षेत्र की विभिन्न स्वीट शॉपों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण में लाइसेंस, खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता, रख-रखाव, कोल्ड स्टोरेज और एक्सपायर हो चुकी मिठाइयों के निपटारे की प्रक्रिया की जांच की गई। टी.पी.सी. मीटर से तेल की गुणवत्ता की जांच की गई। टीम ने हल्दीराम रेस्पबेरी और चॉकलेट पेस्ट्री तथा मलाई रोल मिठाई के नमूने जांच हेतु लिए और साफ-सफाई/हाईजीन सुधारने के निर्देश दिए।
दीपावली पर सार्वजनिक मार्गों पर पटाखा बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशदेद पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत सिंह ने दीपावली के लिए आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस निर्गत करने के संबंध में बैठक की। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगले वर्ष से केवल चिन्हित खुले मैदानों में ही पटाखा दुकान हेतु लाइसेंस दिए जाएंगे। शहर के समस्त सार्वजनिक रास्ते, सड़कें एवं आंतरिक मार्ग तथा फायर वाहन की पहुंच से दूर के स्थान पर पटाखा बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित कर दी गई है। पटाखा बिक्री की अनुमति 17 से 21 अक्टूबर तक ही रहेगी।













