उत्तराखंड हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

उत्तरी हरिद्वार में बंदरों का आतंक: निवासियों ने सौंपा ज्ञापन

​उत्तरी हरिद्वार में लगभग 50,000 की आबादी बंदरों और लंगूरों के आतंक से परेशान है। वन क्षेत्र से आबादी वाले इलाकों में आकर ये जानवर बच्चों, वृद्धों और महिलाओं पर हमला कर रहे हैं, जिससे कई लोग घायल हो चुके हैं। भाजपा नेता अनिरूद्ध भाटी और पार्षद सचिन कुमार के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने डीएफओ और उपप्रभागीय वन अधिकारी (पूनम कैन्थोला) को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की। अनिरूद्ध भाटी ने बंदरों को पकड़कर जंगलों में छोड़ने और उनकी संख्या पर लगाम लगाने के लिए वैज्ञानिक रूप से बधियाकरण की व्यवस्था करने की आवश्यकता जताई। उपप्रभागीय वन अधिकारी ने नगर निगम के समन्वय से शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

दीपावली पर्व को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट ने की बैठक

​दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने मंगलवार को विभिन्न सरकारी विभागों (विद्युत, नगर निगम, अग्निशमन, पुलिस) और व्यापार मंडल प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

  • अग्निशमन विभाग को तंग गलियों और आवासीय क्षेत्रों के लिए बाइक फायर टीमों को तैनात करने और फायर हाइड्रेंट्स का निरीक्षण कर उन्हें कार्यशील बनाने के निर्देश दिए गए।
  • नगर निगम को भीड़भाड़ वाले बाजारों में सफाई का कार्य दिन के बजाय रात में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया ताकि यातायात और ग्राहकों को असुविधा न हो।
  • बिजली विभाग को दीपावली के दौरान अनावश्यक बिजली कटौती न करने का निर्देश दिया गया।
  • पुलिस विभाग को बाजारों में लगातार गश्त करने और पटाखे की दुकानें पूर्व निर्धारित खुले स्थानों पर लगवाने का निर्देश दिया गया। संकीर्ण गलियों में दुकानों की अनुमति नहीं होगी।

धामी सरकार युवाओं के हितों को सर्वाेपरि रखती है: सुनील सैनी

उत्तराखंड पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) सुनील सैनी ने कहा कि धामी सरकार का हर फैसला युवाओं के हितों को सर्वाेपरि रखता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हाल ही में निरस्त हुई यूकेएसएससी की परीक्षा अब 16 नवंबर को आयोजित की जाएगी। उन्होंने नकल विरोधी कानून को युवाओं के भविष्य के लिए एक सशक्त कदम बताते हुए कहा कि सरकार 25,000 युवाओं को नौकरी देने का काम कर रही है।

बीएचईएल ने औरंगाबाद गांव में आयोजित किया सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम

​केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर, बीएचईएल में मनाए जाने वाले सतर्कता जागरूकता सप्ताह (27 अक्टूबर से 02 नवंबर) के उपलक्ष्य में, औरंगाबाद गांव में भ्रष्टाचार के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी’ था। कार्यक्रम में ग्रामीणों को सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा दिलाई गई और भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष में जनमानस की सहभागिता के महत्व से परिचित कराया गया।