भेल के शिवालिक अतिथि गृह में नवीनीकृत फव्वारे का लोकार्पण
हरिद्वार। बीएचईएल (BHEL) उपनगरी के सेक्टर-3 स्थित शिवालिक अतिथि गृह में नवीनीकृत फव्वारे का लोकार्पण भेल हरिद्वार के प्रमुख रंजन कुमार ने किया। फव्वारे में एलईडी लाइट्स के साथ भगवान शिव की संगमरमर निर्मित प्रतिमा स्थापित की गई है। रंजन कुमार ने कहा कि यह फव्वारा सौंदर्य, विकास, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति संस्थान की जिम्मेदारी का प्रतीक है। महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संतोष कुमार गुप्ता और नगर प्रशासक संजय पंवार ने भी फव्वारे के नवीनीकरण से शिवालिक अतिथि गृह की सुंदरता में वृद्धि होने की बात कही और भविष्य में भी ऐसे सौंदर्यीकरण कार्यों को जारी रखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन/एसोसिएशन के प्रतिनिधि और नगर प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
उगते सूर्य को अर्ध्य देने के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न

हरिद्वार। चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा के विभिन्न घाटों पर तड़के सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। छठ व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया। 25 अक्तूबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ यह पर्व 28 अक्तूबर को संपन्न हुआ। व्रती महिलाओं ने घर लौटकर कच्चे दूध का शरबत, ठेकुआ या गुड़ चावल की खीर खाकर श्रद्धापूर्वक व्रत का पारण किया। इस दौरान अनेक संस्थाओं के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, नगर विधायक मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, ज्वालापुर विधायक इं. रवि बहादुर सहित स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
अंडर पास नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। व्यापारी नेता सुनील सेठी और श्रीअखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने अंडर पास नो पार्किंग जोन में वाहन पार्क कर मार्ग अवरुद्ध करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सुनील सेठी ने बताया कि भूपतवाला, दूधाधारी, शांतिकुंज, सिंहद्वार सहित अन्य फ्लाईओवरों के नीचे बने अंडर पास पर बड़े वाहन पार्क किए जा रहे हैं, जिससे राहगीरों और यातायात को परेशानी हो रही है। कुछ स्थानों पर रिपेयरिंग और खाद्य पदार्थों की दुकानें भी संचालित हो रही हैं। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि रात्रि में फ्लाईओवरों के नीचे नशे का सेवन कर वाहन चालक हरिद्वार की मर्यादा को खंडित कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से यातायात व्यवस्था को अवरुद्ध कर रहे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।













