हरिद्वार स्थित श्रीरामानुज कोट आश्रम के श्री वेंकटेश्वर मंदिर में अन्नकूट महोत्सव बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान वेंकटेश्वर को छप्पन प्रकार का भोग लगाया गया और भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया।
श्रीरामानुज कोट आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी डॉ० मोदनारायणाचार्य जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कलियुग में भगवान विष्णु के वेंकटेश स्वामी के दर्शन का विशेष महत्व है और यह पुण्य फलदायी है। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर में भगवान वेंकटेश स्वामी का विग्रह 150 वर्ष पुराना है, और यहाँ की पूजा पद्धति दक्षिण के वेंकटेश्वर स्वामी के अनुरूप ही है।
आचार्य बेला इंडिया टेंपल के युवराज स्वामी दामोदराचार्य (दिव्यांश वेदांती) महाराज ने अन्नकूट महोत्सव की महत्ता बताई, जबकि स्वामी मधुसूदनाचार्य (चिन्ना स्वामी) जी महाराज ने सामूहिक भोजों की परंपरा और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से भगवान वेंकटेश स्वामी के चरणों में आने वाले भक्त को जीवन में सभी सुखों की प्राप्ति होती है।
भोग प्रसाद वितरण में स्वामी ऋषीश्वरानन्द, स्वामी रवि देव शास्त्री, शिवम महंत, लक्ष्मी प्रसाद त्रिपाठी, राजू दास, मुकुल नारायण झा, अमित शर्मा, सचिन पालीवाल, देवेंद्र जौहरी सहित सैंकड़ों भक्त उपस्थित थे।














