उत्तराखंड हरिद्वार संक्षिप्त: आज हरिद्वार जनपद की महत्वपूर्ण गतिविधियों पर आधारित समाचार, यहां देखें

Listen to this article

संतों ने दी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को नव वर्ष की शुभकामनाएं

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में संतों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। संतों ने राज्य में हो रहे चहुंमुखी विकास की सराहना की और विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाला कुंभ मेला दिव्य और भव्य रूप में संपन्न होगा। भारत साधु समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानंद,स्वामी रविदेव शास्त्री,स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि,स्वामी ज्योर्तिमयानंद,स्वामी शिवम महंत, भाजपा नेता राजेश रस्तोगी आदि ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंटकर नव वर्ष की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।

जिला कारागार में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा के निर्देशानुसार जिला कारागार में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आईटीआई प्रशिक्षक केशव दत्त सती पुरुष बंदियों को प्लंबिंग का काम सिखा रहे हैं, जबकि महिला बंदियों को नीता नेगी द्वारा ‘पीरूल’ (चीड़ की पत्तियों) से हस्तशिल्प बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आगामी दिनों में इलेक्ट्रीशियन, मोटर मैकेनिक और बुनाई जैसे कोर्स भी संचालित किए जाएंगे।

हरिद्वार जनपद को स्वच्छ बनाने के लिए पिछले 47 दिनों से निरंतर सफाई अभियान जारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हरिद्वार जनपद को स्वच्छ बनाने के लिए पिछले 47 दिनों से निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में एनएच, लोक निर्माण विभाग, सिडकुल और रोटरी क्लब सहित विभिन्न विभाग सक्रिय हैं। जिलाधिकारी ने जनता से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता में सहयोग की अपील की है, ताकि जनपद को एक मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके।

सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा के स्थापना दिवस पर हवन-पूजन का आयोजन

बहादराबाद में सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा के स्थापना दिवस पर हवन-पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान और राज्यमंत्री डॉ. जयपाल चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। वक्ताओं ने सम्राट पृथ्वीराज के शौर्य और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कड़ाके की ठंड के बावजूद भारी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने रानीपुर मोड़ पर कांग्रेस की राजनीति के विरोध में पुतला दहन किया

अंकिता भंडारी मामले में कांग्रेस की राजनीति के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रानीपुर मोड़ पर पुतला दहन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक प्रचार कर प्रदेश का माहौल खराब कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाई है, फिर भी कांग्रेस अपनी ओछी राजनीति से बाज नहीं आ रही है। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के किसी भी षड्यंत्र को कामयाब होने नहीं देगी और जनता के सामने सच्चाई को लाने का काम करेगी।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के षड्यंत्र का पर्दाफाश करने का अनुरोध किया।इस दौरान राज्यमंत्री डॉ.जयपाल सिंह चौहान,सुनील सैनी,संदीप गोयल, जिला महामंत्री संजीव चौधरी,हीरा सिंह बिष्ट,जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा,आशु चौधरी,तरुण नैय्यर, अभिनव चौहान,लोकेश पाल,एजाज हसन,तेलराम प्रधान,तरुण चौहान,राहुल,जमीर अहमद ,रीता चमोली मन्नू रावत,रजनी वर्मा ,सपना शर्मा,विनीत जोली,धर्मेंद्र सिंह चौहान,नकली राम सैनी लक्ष्मण सिंह नागर,रेनू शर्मा,तुषाक भट्ट,मनोज शर्मा,कैलाश भंडारी,विपिन शर्मा,राजन मेहता ,विमला देवी,अमितराज,वरुण वशिष्ठ,ऋषभ सैनी,पंकज चौहान,गौरव वर्मा,यादराम वालिया, अनुज त्यागी,देवेंद्र चावला,चीनू चौधरी,हरविंद्र सिंह,तिलक्रम सैनी,सचिन आर्य,दीपांशु शर्मा, संदीप महता,अंकुर मेहता,अजय मलिक,नवजोत वालिया,आशीष चौधरी,भोला शर्मा,वरुण चौहान ,आदि पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हरिद्वार के शहीद जगदीश वत्स पार्क में 37वें ‘दस बजे दस मिनट’ अभियान के तहत शहीदों को श्रद्धांजलि

स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति ने हरिद्वार के शहीद जगदीश वत्स पार्क में 37वें ‘दस बजे दस मिनट’ अभियान के तहत शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने स्कूलों में प्रार्थना के समय क्रांतिकारियों की जीवनगाथा सुनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. प्रेम सिंह की पुण्यतिथि पर उनके संघर्षों को याद किया गया और समाज में देशभक्ति की भावना जगाने का संकल्प लिया गया।