विधायक कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेसी गिरफ्तार
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच और बढ़ते नशे के कारोबार के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर विधायक मदन कौशिक के कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। पुलिस ने खन्नानगर से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। बाद में पुलिस ने जिलाध्यक्ष कैश खुराना सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस की मांग है कि अंकिता मामले की सीबीआई जांच सीटिंग जज की निगरानी में हो।
सट्टेबाजी और अवैध शराब के साथ पाँच गिरफ्तार

हरिद्वार। सिडकुल और लक्सर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पाँच आरोपियों को दबोचा है। सिडकुल पुलिस ने सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए दीपू यादव को गिरफ्तार किया, जबकि अवैध शराब बेचने के आरोप में जीवन प्रसाद, सिद्धार्थ और अशोक को 155 पाउच देशी शराब के साथ पकड़ा। वहीं, लक्सर पुलिस ने चेकिंग के दौरान नौशाद नामक व्यक्ति को 5 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
धूमधाम से निकली जगद्गुरु रामानन्दाचार्य की शोभायात्रा

हरिद्वार। आद्य जगद्गुरु रामानन्दाचार्य महाराज की 726वीं जयंती के अवसर पर श्रीरामानन्दीय श्रीवैष्णव मण्डल ने भव्य शोभायात्रा निकाली। उछाली आश्रम से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए आचार्य महापीठ पर संपन्न हुई। इस दौरान अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि संतों ने समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक चेतना जगाने में अहम भूमिका निभाई है। यात्रा में सभी 13 अखाड़ों के संत-महापुरुषों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग किया।
रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती मनाई गई

हरिद्वार के कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘नर सेवा नारायण सेवा’ के संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संतों और चिकित्सकों ने मरीजों का तिलक लगाकर और आरती उतारकर अभिनंदन किया। सचिव स्वामी दयामूर्त्यानन्द ने बताया कि पिछले दो महीनों में आयुष्मान योजना के तहत 105 मरीजों का सफल उपचार और ऑपरेशन किया गया है, जो गरीबों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
जगद्गुरु रामानंदाचार्य महाराज की 726वीं जयंती पर समानता का संदेश

भोपतवाला स्थित गदाधर हनुमान मंदिर में जगद्गुरु रामानंदाचार्य महाराज की जयंती धूमधाम से मनाई गई। स्वामी अयोध्याचार्य ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जाति व्यवस्था को त्याग कर समाज के सभी वर्गों को अपना शिष्य बनाया और समानता का मार्ग दिखाया। कार्यक्रम में विभिन्न अखाड़ों के संतों और गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।














